ट्रंप के फोन कॉल से लेकर ड्रग तस्करी तक, अमेरिकी गिरफ्तारी से पहले मादुरो ने इंटरव्यू में क्या कहा

वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने अमेरिकी सेना की ओर से गिरफ्तार किए जाने से महज 48 घंटे पहले इंटरव्यू दिया था। इसमें उन्होंने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ तेल व्यापार और ड्रग तस्करी पर चर्चा करने की इच्छा जताई थी। मैक्सिकन अखबार ला जोर्नाडा में प्रकाशित और नए साल के दिन वेनेजुएला के सरकारी टीवी पर प्रसारित इंटरव्यू में उन्होंने कई अहम बयान दिए।

मादुरो ने कहा कि दोनों देशों को तथ्यों के आधार पर गंभीर बातचीत शुरू करनी चाहिए। उन्होंने खुलासा किया कि ट्रंप ने 21 नवंबर को व्हाइट हाउस से उन्हें फोन किया था और दोनों के बीच 10 मिनट की सम्मानजनक बातचीत हुई थी। यह साक्षात्कार अब इसलिए सुर्खियों में है क्योंकि शनिवार को अमेरिकी सेना रात की कार्रवाई में मादुरो को काराकास से गिरफ्तार कर न्यूयॉर्क ले गई।

निकोलस मादुरो ने इंटरव्यू में अमेरिका को बातचीत का प्रस्ताव देते हुए कहा, ‘अगर वे ड्रग तस्करी के खिलाफ समझौता चाहते हैं तो वेनेजुएला तैयार है।’ साथ ही, उन्होंने तेल के लिए अमेरिकी निवेश को स्वीकार करने की बात कही, जैसे शेवरॉन कंपनी के साथ पहले हो चुका है। उन्होंने इसे लेकर कहा कि जब चाहें, जहां चाहें और जैसे चाहें। मादुरो ने अमेरिकी दबाव को वेनेजुएला के विशाल प्राकृतिक संसाधनों, विशेषकर तेल, सोना और दुर्लभ खनिजों पर कब्जा करने की कोशिश बताया। ड्रग तस्करी के अमेरिकी आरोपों को खारिज करते हुए मादुरो ने कहा कि कोकेन की तस्करी पड़ोसी कोलंबिया से होती है और वेनेजुएला का मॉडल इससे लड़ने में सबसे प्रभावी है।

निकोलस मादुरो यह इंटरव्यू अमेरिकी हमलों के बीच आया था, जहां राष्ट्रपति ट्रंप ने ड्रग लोडिंग डॉक पर हमले का दावा किया। मादुरो ने इसे सीधे स्वीकार नहीं किया, लेकिन कहा कि उनकी रक्षा व्यवस्था देश की अखंडता और शांति सुनिश्चित कर रही है। गिरफ्तारी के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की कि अमेरिका फिलहाल वेनेजुएला को संभालेगा, जबकि मादुरो पर नार्को-टेररिज्म के आरोपों में मुकदमा चलेगा। इस घटना से लैटिन अमेरिका में तनाव बढ़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *