अनूपपुर जिला मुख्यालय के समीपस्थ नगर में जंगली पिहरी (मशरूम) खाने के बाद सात लोग बीमार पड़ गए जिसमें एक साल की बच्ची भी शामिल है। सभी बीमार लोगों को जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। यह मामला मध्य प्रदेश के अनूपपुर में नगर पालिका बस्ती का है।
घर के लड़के गांव के नजदीक मैदानी इलाके से पिहरी तोड़कर लाए थे, जो एक तरह की सब्जी भी है और मशरूम की तरह होती है, यह पिहरी एक-दो परिवार के लोगों को भी दी गई थी, जिसे खाने के बाद दोनों परिवार के कुछ सदस्य बीमार पड़ गए जिन्हें तबीयत बिगड़ने पर देर रात जिला अस्पताल में एंबुलेंस से लाया गया था
रात के समय मौजूद डाक्टर प्रदीप कोरी ने सभी मरीजों का उपचार किया गया जिससे सभी खतरे से बाहर बताए गए हैं। जानकारी अनुसार बीमार लोगों में संगीता रौतेल, निर्मला दहायत,सोमवती कोल सहित राजा दहायत, सत्यम रौतेल सहित बच्चों में दिव्यांशी रौतेल एक वर्ष तथा आयुष रौतेल आठ वर्ष शामिल हैं। संभावना जताई गई कि जिस पिहरी की सब्जी का उपयोग खाने में किया गया वह जहरीले रही होगी, जिससे इसका सेवन करने वाले लोग बीमार पड़ गए।
अज्ञात कारण से कोतवाली अंतर्गत ग्राम दुलहरा निवासी 19 वर्षीय युवक राजाराम ढीमर ने जहरीले पदार्थ का सेवन घर पर कर लिया। जब तबीयत बिगड़ने लगी तो स्वजन आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर आए।जहां युवक का उपचार जारी है कारण अज्ञात है।
जैतहरी नगर क्षेत्र अंतर्गत मिलन कुटिया होटल के पास एक 25 वर्षीय युवक सड़क पर घायल अवस्था में पड़ा हुआ था जिसे राहगीरों ने देखा और हंड्रेड डायल वाहन को सूचना दी गई, इसके बाद युवक को जिला अस्पताल में लाकर भर्ती कराया गया। युवक का नाम कालू सिंह निवासी ग्राम पकरिया जिला शहडोल है। युवक जैतहरी कैसे पहुंचा और घायल कैसे हुआ वह बता पाने में असमर्थ है।