राज्य में विधानसभा चुनावों के मद्देनजर कड़ी निगरानी कर रहे धुले पुलिस अधिकारियों ने जिले के शिरपुर के थालनेर गांव में गाड़ियों की चेकिंग के दौरान 94 करोड़ रुपये से अधिक कीमत की लगभग 10,000 किलोग्राम चांदी की ईंटे जब्त की हैं। नासिक के विशेष पुलिस महानिरीक्षक दत्तात्र्य कराले ने मामले की जानकारी देते हुए बताया, “पुलिस की एक बड़ी कार्रवाई में शिरपुर में एक कंटेनर में 94.68 करोड़ रुपये की 10 हजार किलोग्राम चांदी की सिल्लियां बरामद की गई है।”
पुलिस अधिकारी ने बताया, “राज्य में इस समय मतदान चल रहा है। चुनाव के दौरान पुलिस प्रशासन द्वारा वाहनों की सख्ती से जांच की जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने आज सुबह 5 बजे शिरपुर तालुका के थालनेर गांव में एक कंटेनर की तलाशी ली जिस दौरान यह चांदी बरामद की गई है। अधिकारी ने बताया कि कंटेनर में मिली कीमती चीजें किसी बैंक से संबंधित बताई जा रही हैं और मामले की जांच जारी है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी मुंबई पुलिस ने बीते शनिवार को एक कंटेनर से 8,500 किलो चांदी बरामद किया था। इनकी कीमत 80 लाख रुपए बताई जा रही है। प्रवर्तन निदेशालय और जीएसटी डिपार्टमेंट मामले की जांच कर रहे हैं।