108 किलो गांजा तस्करी मामला, ओडिशा का ‘वाट्सएप भाई’ भी गिरफ्तार, ऐसे करता था सप्लाई

नागपुर: कलमना पुलिस ने गोपनीय जानकारी के आधार पर गांजा की तस्करी करने वाले विक्रेता और ट्रक चालक को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने इस मामले की फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच की जिससे ओडिशा से शहर में गांजा सप्लाई करने वाले ‘वाट्सएप भाई’ का पता चला। तत्काल एक टीम ओडिशा रवाना हुई और उसे भी गिरफ्तार कर नागपुर लाया गया। पकड़ा गया आरोपी बिसनाथपुर, संभलपुर निवासी बुलबुल उर्फ वाट्सएप भाई सुकांता प्रधान (24) बताया गया।

2 दिन पहले पुलिस ने सूर्योदयनगर, नरसाला रोड निवासी पलाश विद्याधर वानखेड़े (31) और आनंदनगर, बिनाकी निवासी अविनाश संजय ढोके (34) को 108 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया था। उनसे ट्रक और एसयूवी गाड़ी भी जब्त की थी। न्यायालय ने उन्हें 9 जून तक पुलिस हिरासत मंजूर की थी।

जांच में सामने आया कि अविनाश अपने ट्रक में माल लेने के लिए ओडिशा जाता था। माल के बीच वह गांजा की बोरी रखकर नागपुर आता था। यह माल उसे पलाश को पहुंचाना होता था। पलाश उसे प्रति किलो 1,000 रुपये भाड़ा देता था। पुलिस ने पलाश से पूछताछ की तो उसने ‘वाट्सएप भाई’ का नाम बताया। वह ‘वाट्सएप भाई’ से फोन पर संपर्क में रहता था। उनकी सभी डील वाट्सएप पर ही होती थी। समय गंवाए बिना डीसीपी निकेतन कदम ने कलमना पुलिस को तत्काल उसे गिरफ्तार करने के आदेश दिए।

इंस्पेक्टर प्रवीण काले, पीएसआई संतोषकुमार रामलोड, हेड कांस्टेबल रवि शाहू, प्रदीप पवार, मंगेश लोही, संदीप ढाले और संतोष पांडे तुरंत ओडिशा रवाना हो गए। जोन 5 की साइबर टीम के कांस्टेबल सचिन टांगले और आशीष पिपरहेटे की मदद लेकर पुलिस ने ‘वाट्सएप भाई’ का लोकेशन हासिल किया। शनिवार को उसे गिरफ्तार कर नागपुर लाया गया। रविवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया।

अदालत ने ‘वाट्सएप भाई’ को 12 जून तक पुलिस हिरासत में रखने के आदेश दिए हैं। पुलिस को जानकारी मिली है कि पलाश खुद नशेड़ियों को माल नहीं बेचता था। शहर के गांजा विक्रेता उससे थोक में माल खरीदते थे। उससे माल खरीदने वाले अन्य गांजा विक्रेताओं की भी जांच चल रही है। इस मामले में और भी आरोपियों की गिरफ्तारी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *