दिवाली पर अपने घर लौट रहा था 13 साल का छात्र, बस हादसे में मौत, 20 यात्री घायल

छतरपुर जिले में एक ट्रक की टक्कर से एक प्राइवेट बस के पलट जाने से सैनिक स्कूल के 13 साल के छात्र की मौत हो गई. दिवाली का त्योहार मनाने के लिए अपने घर लौट रहा था. इस हादसे में करीब 20 अन्य लोग घायल हो गए. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने रेस्क्यू कर घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. 

यह घटना सोमवार आधी रात के बाद जिला मुख्यालय से 24 किलोमीटर दूर बागेश्वर धाम तिराहे पर हुई. दरअसल, बस रीवा से ग्वालियर जा रही थी, तभी एक ट्रक ने उसे टक्कर मार दी.

एसडीओपी सलिल शर्मा ने बताया कि बस पलट गई, जिसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी. उन्होंने बताया कि रीवा के सैनिक स्कूल का छात्र किशोर और करीब 20 अन्य लोग दुर्घटना में घायल हो गए. 

अस्पताल के डॉ. रोशन द्विवेदी ने बताया कि पीड़ितों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां लड़के को मृत घोषित कर दिया गया. उन्होंने बताया कि तीन अन्य लोगों की हालत गंभीर है, जिन्हें आगे के इलाज के लिए ग्वालियर के एक अस्पताल में रेफर कर दिया गया है. 

प्रत्यक्षदर्शी रामेश्वर पटेल ने मीडिया को बताया कि वह बागेश्वर धाम से अपने एक मित्र के साथ मोटरसाइकिल पर जा रहा था, तभी उसने ट्रक का टायर फटते देखा. उन्होंने बताया कि ट्रक चालक ने पहियों पर से नियंत्रण खो दिया और वाहन बस से जा टकराया.

पटेल ने घटना की जानकारी एसडीओपी को दी. पटेल ने बताया कि उन्होंने अन्य ग्रामीणों के साथ मिलकर बस के शीशे तोड़कर 25 से 30 लोगों को बाहर निकाला.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *