महिला स्वास्थ्य अधिकारी से 18 लाख की ठगी

बिलासपुर। शेयर बाजार में मोटा मुनाफा कमाने की उम्मीद में बिल्हा क्षेत्र की एक महिला स्वास्थ्य अधिकारी के साथ ऑनलाइन ठगी हो गई। ठगों ने खुद को शेयर मार्केट एजेंट बताकर महिला को झांसे में लिया और लगभग 18 लाख रुपये की ठगी कर ली। मामले में बिल्हा पुलिस ने आईटी एक्ट और धोखाधड़ी की धाराओं में FIR दर्ज की है। थाना प्रभारी उमेश साहू के मुताबिक पीड़िता पूर्व में भी शेयर बाजार में निवेश कर चुकी हैं। कुछ दिन पहले उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आया, जिसमें खुद को एक शेयर ट्रेडिंग कंपनी का प्रतिनिधि बताया गया। आरोपी ने ज्यादा मुनाफे का लालच देकर महिला को निवेश के लिए प्रेरित किया।

शुरुआत में महिला को नकली मुनाफे के स्क्रीनशॉट भेजे गए। इस झांसे में आकर उन्होंने अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए 18 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। जब उन्होंने रिटर्न निकालना चाहा तो और पैसा जमा करने की मांग की गई, जिससे उन्हें ठगी का शक हुआ और उन्होंने तत्काल बिल्हा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने कॉल डिटेल और बैंक ट्रांजैक्शन के आधार पर जांच शुरू कर दी है। साथ ही आम नागरिकों से अपील की है कि वे ऑनलाइन निवेश करने से पहले प्लेटफॉर्म की वैधता की जांच जरूर करें और किसी अनजान कॉल या व्यक्ति के कहने पर पैसे न भेजें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *