जर्मन शेफर्ड कुत्ता खरीदने के लिए नहीं दिए 200 रुपए तो बेटे मां को उतार दिया मौत के घाट

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र के नागेश्वर नगर में शुक्रवार सुबह सनकी बेटे ने महज 200 रुपये के लिए दिल दहला देने वाली वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गया। आरोपी की शिनाख्त प्रदीप देवांगन और मृतिका की शिनाख्त गणेशी देवांगन के रुप में हुई है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।

उरला पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी प्रदीप देवांगन को जर्मन शेफर्ड कुत्ता खरीदना था। आरोपी ने अपनी 70 वर्षीय मां गणेशी देवांगन से 200 रुपये मांगे। मां के इनकार करने पर आरोपी ने आपा खो दिया और घर में पड़े हथौड़े से वार कर मां की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात यहीं नहीं रुकी। बीच-बचाव करने आई पत्नी रामेश्वरी देवांगन (35) पर भी आरोपी ने हमला कर घायल कर दिया। घटना के वक्त घर में मौजूद 15 वर्षीय बेटे ने किसी तरह बीच-बचाव कर मां को बचाने की कोशिश की और फिर भागकर लोगों को सूचना दी। जब तक मोहल्ले वाले पहुंचे, आरोपी फरार हो चुका था।

तीन बच्चों को पिता है आरोपी, तलाश में जुटी पुलिस

गंभीर रूप से घायल मां को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घायल पत्नी की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है और वह बातचीत करने की स्थिति में है। आरोपी प्रदीप के तीन बच्चे हैं। दो बेटे और एक बेटी। घटना के बाद से ही पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। उरला थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *