परिवार पर टूटा कहर: देवी मंदिर दर्शन के दौरान नाले में बहे 4 लोग, 3 बच्चों की मौत

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। मरही माता मंदिर दर्शन करने पहुंचे एक ही परिवार के चार लोग नाले के तेज बहाव में बह गए। इस हादसे में तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई है, जबकि एक व्यक्ति अब भी लापता है। घटना से पूरे इलाके में मातम पसर गया है।

तेज बारिश से नाले में आई बाढ़ बनी हादसे की वजह

जानकारी के मुताबिक, बेलगहना थाना क्षेत्र के खोंगसरा स्थित मरही माता मंदिर में दर्शन करने भाटापारा और बिलासपुर से श्रद्धालु परिवार पहुंचे थे। इस दौरान अचानक नाले का जलस्तर बढ़ गया और परिवार इसमें बह गया। लगातार हो रही मूसलधार बारिश से नाला उफान पर था, जिसके चलते यह घटना घटी।

तीन बच्चों के शव बरामद, एक व्यक्ति लापता

पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। इस दौरान परसदा निवासी गौरी ध्रुव (13 वर्ष), निशांत ध्रुव (5 वर्ष) और भाटापारा निवासी बलराम ध्रुव की 13 वर्षीय बेटी मुस्कान ध्रुव का शव बरामद किया गया है। वहीं, बलराम ध्रुव अब तक लापता बताए जा रहे हैं।

प्रशासन ने जारी किया अलर्ट

हादसे के बाद प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान नदी-नालों के किनारे जाने से बचें। बेलगहना और पेंड्रा इलाके में बीते कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है, जिसके चलते जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *