52000 करोड़ रुपये हो सकता रिलायंस जियो के आईपीओ का साइज, एक्सपर्ट्स में चर्चाओं का दौर शुरू

शुक्रवार रिलायंस इंडस्ट्रीज के मुखिया मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) ने 48वीं एजीएम को सम्बोधित किया। उन्होंने इस दौरान रिलायंस जियो आईपीओ का भी ऐलान किया है। मुकेश अंबानी ने कहा कि उनकी टेलीकॉम और डिजिटल कंपनी Reliance Jio का आईपीओ 2026 के पहली छमाही में आ सकता है। अब इसके बाद से कयासों के दौर शुरू हो गए हैं कि इस आईपीओ का साइज क्या होगा?

52,500 करोड़ रुपये हो सकता है Jio के आईपीओ का साइज

एक्सपर्ट्स की मानें तो रिलायंस जियो का आईपीओ भारत का सबसे बड़ा आईपीओ हो सकता है। यह साइज में हुंडई मोटर इंडिया के आईपीओ को क्रॉस कर सकता है। बिजनेस टुडे की रिपोर्ट के अनुसार एसबीआई सिक्योरिटीज के फंडमेंटल रिसर्च हेड सनी अग्रवाल का कहना है कि रिलायंस जियो का वैल्यूएशन 113 बिलियन से 120 बिलियन डॉलर (10 से 10.50 लाख करोड़ रुपये) के बीच हो सकता है। ऐसे में अगर 5 प्रतिशत हिस्सा भी बेचा जाता है तो रिलायंस जियो के आईपीओ का साइज 50,000 करोड़ रुपये से 52,500 करोड़ रुपये के बीच हो सकता है। अगर ऐसा हुआ तो रिलायंस जियो भारतीय शेयर बाजार के इतिहास में सबसे बड़ा आईपीओ साबित होगा।

मुकेश अंबानी ने शुक्रवार को बताया था कि कंपनी ने 500 मिलियन (50 करोड़) सब्सक्राइबर को क्रॉस कर दिया है। 2020 में गूगल और फेसबुक की पैरेंट कंपनी मेटा ने 20 बिलियन डॉलर का निवेश किया था।

अरहिंत कैपिटल के ज्वाइंट एमडी अर्पित जैन का भी मानना है कि जियो का वैल्यूएशन 120 बिलियन डॉलर हो सकता है। ऐसे में कंपनी के आईपीओ का साइज 52000 करोड़ रुपये के आस-पास हो सकता है।

भारत के अबतक के 4 बड़े IPO

हुंडई मोटर इंडिया ने आईपीओ के जरिए 27850 करोड़ रुपये जुटाया था। एलआईसी के आईपीओ का साइज 21000 करोड़ रुपये, पेटीएम के आईपीओ का साइज 18,300 करोड़ रुपये, कोल इंडिया के आईपीओ का साइज 15,200 करोड़ रुपये था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *