उत्तर प्रदेश के बरेली में एक निजी अस्पताल के हॉस्टल में रह रही 28 वर्षीय नर्स प्रियंका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रविवार दोपहर प्रियंका का शव उनके कमरे में बेसुध अवस्था में मिला। पुलिस की शुरुआती जांच में जो तथ्य सामने आए हैं, वे किसी भी पत्थर दिल को झकझोर देने वाले हैं। मरने से पहले पूरी रात प्रियंका अपने पति को फोन और मैसेज करती रही, लेकिन पति ने एक बार भी कॉल रिसीव नहीं किया।
पीलीभीत के कुंवरपुर बंजरिया निवासी सुनील और प्रियंका की शादी वर्ष 2014 में हुई थी। दोनों ही पेशे से नर्स हैं। विवाद के चलते पिछले छह महीने से प्रियंका पति से अलग अस्पताल के पास स्थित एक हॉस्टल में अपनी साथी नर्स आस्था के साथ रह रही थी। शनिवार रात प्रियंका की ड्यूटी थी, लेकिन तबीयत खराब होने की बात कहकर उन्होंने छुट्टी ले ली थी। रविवार सुबह जब रूममेट आस्था ड्यूटी पर चली गई और दोपहर में वापस लौटी, तो प्रियंका को उठाने की कोशिश की। प्रियंका के शरीर में कोई हलचल न देख उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बारादरी पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जब प्रियंका के मोबाइल की जांच की, तो हैरान कर देने वाला मामला सामने आया। प्रियंका ने शनिवार की पूरी रात अपने पति सुनील से बात करने की कोशिश की थी। रात भर में 63 व्हाट्सएप कॉल, 47 मैसेज और एक वॉयस मैसेज भेजा था। इन सभी मैसेज में प्रियंका अपने पति से ‘सॉरी’ बोलते हुए उसे मनाने और अपनी गलती सुधारने की मिन्नतें करती नजर आ रही थी। हालांकि, पति ने एक भी कॉल का जवाब नहीं दिया।
सुनील ने पुलिस को बताया कि वह प्रियंका पर शक करता था, जिसके कारण उनके बीच अक्सर मारपीट और झगड़ा होता था। इसी वजह से दोनों अलग रह रहे थे। प्रियंका ने हाल ही में एक बुटीक भी खोला था और वह आर्थिक तंगी से भी जूझ रही थी। प्रियंका के मायके वालों ने सुनील पर प्रताड़ना और मारपीट का गंभीर आरोप लगाया है।
बारादरी इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय ने बताया कि कमरे से कोई सुसाइड नोट या संदिग्ध दवा बरामद नहीं हुई है। शव पर चोट के कोई निशान नहीं हैं और सीसीटीवी में भी किसी बाहरी व्यक्ति की एंट्री नहीं दिखी है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे मौत की असली वजह (जहर या हार्ट अटैक) साफ हो सकेगी।