देशभर में तेजी से बढ़ रहे कोरोना के मामले चिंता बढ़ा रहे, 24 घंटे में ऐसे 7 लोगों की मौत

देश में कोरोना के मरीजों में लागातर इजाफा हो रहा है। एक सप्ताह में कुल केसों की संख्या पांच गुना तक बढ़ गई है। आंकड़ों के मुताबिक देशभर में कोरोना के 2710 ऐक्टिव मरीज हैं। सबसे ज्यादा मरीज केरल में पाए गए हैं। वहीं बीते 24 घंटे में ऐसे 7 लोगों की मौत भी हुई है जो कि कोरोना से संक्रमित थे। कोरोना केसों के बढ़ते आंकड़ों ने चिंता बढ़ा दी है।

आंकड़ों के मुताबिक केरल में 1147 केस, महाराष्ट्र में 424, दिल्ली में 294 और गुजरात में 223 ऐक्टिव केस हैं। कर्नटाक और तमिलनाडु 148-148 केस सामने आए हैं। पश्चिम बंगाल में भी कोरोना के 116 केस पाए गए हैं। बीते पांच महीनों में कोरोना से 22 लोगों की जान गई है। बीते 24 घंटे में महाराष्ट्र में ही दो मरीजों की मौत हो गई। वहीं दिल्ली, गुजरात, कर्नाटक, पंजाब और तमिलनाडु में एक-एक मरीज की जान गई है।

जानकारों का कहना है कि ओमिक्रॉन के दो वेरिएंट LF.7 और NB1.8 की वजह से कोरोना के मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं। राजधानी दिल्ली में कोरोना से मौत का इस बार पहला मामला सामने आया है। दिल्ली में बीते 24 घंटे में कोरोना के 56 नए मरीज आए हैं।दिल्ली में कोरोना से जिस मरीज की मौत हुई है वह पहले से भी कई बीमारियों से ग्रसित था।

जानकारों का कहना है कि नए वेरिएंट का असर हल्का है। हालांकि इससे अन्य बीमारियों के गंभीर होने का खतरा बना रहता है। यह इम्यून पावर कम कर देता है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि कोरोना के इस वेरिएंट से डरने की जरूरत नहीं है।

26 मई को देशभर में कोरोना के 1010 मरीज थे। वहीं 30 मई को यह आंकड़ा बढ़कर 2710 हो गया। इस हिसाब से चार दिनों में ही 1700 मरीज बढ़ गए हैं। बिहार में कोरोना के आंकड़े मिलने मुश्किल हो रहे हैं। पटना में जरूर बीते 24 घंटे में सात कोरोना मरीज पाए गए हैं। यहां अब तक कुल 17 पॉजिटिव केस पाए गए हैं। वहीं सिक्किम में अब तक कोविड का कोई केस सामने नहीं आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *