ड्रग दिया, रेप के बाद सड़क पर फेंका; महाराष्ट्र के जालना में 9 साल की बच्ची से हैवानियत

महाराष्ट्र के जालना शहर में नौ साल की मासूम बच्ची के साथ हैवानियत की सनसनीखेज घटना सामने आई है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि बच्ची को कथित तौर पर ड्रग दिया गया और फिर उसके साथ रेप किया गया। हैवानियत के बाद दरिंदा उसे सड़क पर फेंककर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद से इलाके में तनाव है। बच्ची की हालत गंभीर बनी हुई है, उसे जिला अस्पताल से संभाजीनगर मेडिकल कॉलेज में रेफर किया गया है। पुलिस ने मामले में पांच को हिरासत में लिया है।

पुलिस ने सोमवार को मामले की जानकारी देते हुए कहा कि घटना चंदनझिरा इलाके में रविवार देर रात 11 बजे हुई। बच्ची की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसके कारण उसे पहले जिला अस्पताल से छत्रपति संभाजीनगर के सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में रेफर किया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस वारदात में एक व्यक्ति की संलिप्तता सामने आ रही है। प्राथमिक साक्ष्य के अनुसार, पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लिया है।

बच्ची से दरिंदगी के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने छत्रपति संभाजीनगर रोड पर ‘रास्ता रोको’ (नाकाबंदी) की और मांग की कि दोषी को सजा दी जाए। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने लड़की को उसके घर से तब उठाया जब वह अकेली थी, उसे नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ बलात्कार किया और फिर उसे सड़क पर छोड़ दिया।

बच्ची अपनी मां के साथ रहती थी, जो घटना के वक्त किसी काम से बाहर गई थी। जब महिला घर लौटी तो उसे अपनी बेटी नहीं मिली। पुलिस के अनुसार, काफी खोजबीन के बाद उसे लड़की पास की एक गली में बदहवाश हालत में मिली। इसके बाद महिला ने चंदनझिरा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *