नई दिल्ली, 1 जून 2025 राजधानी दिल्ली समेत एनसीआर के इलाकों में रविवार दोपहर के बाद मौसम ने अचानक करवट ली। घने बादलों और धूल भरी आंधी के बाद जमकर बारिश हुई, जिससे भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिली है। मौसम ठंडा होने के साथ तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।
दोपहर करीब 3 बजे आसमान पर काले बादल छाने लगे और कुछ ही देर में तेज रफ्तार हवाओं के साथ धूल भरी आंधी चलने लगी। इसके तुरंत बाद बारिश शुरू हो गई जिससे तापमान में करीब 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आंकी गई।
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) पहले ही इस बदलाव की चेतावनी दे चुका था। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में करीब 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। नजफगढ़, नारायणा, पीतमपुरा, पालम और प्रगति मैदान जैसे इलाकों में शनिवार को भी 40 से 70 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चल चुकी थीं। रविवार को भी कुछ ऐसा ही नज़ारा देखने को मिला।
नोएडा, गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा में भी बदला मौसम का मिजाज
दिल्ली के अलावा नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में भी आसमान अचानक घिर गया। शाम होते-होते इन इलाकों में भी तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जिससे इलाके की गर्मी और उमस में खासी कमी आई।
आईएमडी के मुताबिक, सफदरजंग में शाम 4:30 बजे हवा की रफ्तार 40 किलोमीटर प्रतिघंटा रही और दोपहर 3:30 से शाम 5:00 बजे के बीच तापमान में लगभग छह डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।
गर्मी से परेशान लोगों को बड़ी राहत
लगातार पड़ रही गर्मी और लू के थपेड़ों से बेहाल दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए यह बारिश किसी संजीवनी से कम नहीं रही। मौसम सुहाना हो गया है और आने वाले दिनों में भी मौसम विभाग ने हल्की बारिश और ठंडी हवाओं की संभावना जताई है।