AAP के लिए खुशखबरी, लुधियाना पश्चिम सीट पर बढ़त बरकरार; कांग्रेस के क्या हाल

लुधियाना पश्चिमी विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए 19 जून को हुए मतदान के बाद आज मतगणना हो रही है। चुनाव के नतीजों के साथ हलका पश्चिमी को नया विधायक मिलेगा। मतगणना के ताजा आंकड़े आम आदमी पार्टी के लिए खुशखबरी लेकर आए हैं। सीट पर पांचवे दौर की मतगणना पूरी हो चुकी है और संजीव अरोड़ा लगातार पहले पायदान पर हैं। जबकि, दूसरे स्थान के लिए कांग्रेस और भाजपा के बीच दौड़ जारी है।

सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हो चुकी है। उपचुनाव का पहला राउंड आप के पक्ष में गया। संजीव अरोड़ा को 2895 वोट मिले। दूसरे नंबर पर कांग्रेस के भारत भूषण आशु रहे। दूसरे राउंड में भी आप के संजीव अरोड़ा 5854 वोटों के साथ आगे रहे। तीसरे राउंड में भी आप आगे है। भाजपा अब दूसरे नंबर पर आ गई है। कांग्रेस तीसरे नंबर पर आ गई है। दोपहर तक नतीजे साफ हो जाएंगे।

पांचवे राउंड की गिनती के बाद अरोड़ा 2504 मतों से आगे चल रहे हैं। वहीं, कांग्रेस की दूसरे स्थान पर वापसी हो गई है। भारत भूषण आशु को अब तक 9816 जबकि, भाजपा के जीवन गुप्ता एक स्थान नीचे खिसक गए हैं। शिअद के परोपकार घुमन चौथे स्थान पर बने हुए हैं।
पंजाब विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल

लुधियाना पश्चिम उपचुनाव को विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल माना जा रहा है। उपचुनाव में आम की तरफ से राज्यसभा सदस्य संजीव अरोड़ा, कांग्रेस के भारत भूषण आशु, भाजपा के जीवन गुप्ता एवं शिअद के परउपकार सिंह घुम्मण चुनाव मैदान में हैं। सभी दलों ने प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी थी।

उपचुनाव में आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल, पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया और मुख्यमंत्री भगवंत मान ने खुद कमान संभाली थी।कांग्रेस से पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल खुद उपचुनाव में अग्रिम मोर्चे में डटे रहे। कांग्रेस उम्मीदवार भारत भूषण आशु अगर उपचुनाव जीते तो प्रदेश की सत्ता में वापसी की कांग्रेस की उम्मीद को मजबूती मिलेगी।
महज 51.33 प्रतिशत ही मतदान हुआ

19 जून को हुए चुनाव में इस सीट के लिए मतदान का रूझान काफी कम रहा और महज 51.33 प्रतिशत ही मतदान हुआ था। यह विधानसभा चुनाव 2022 की तुलना में करीब 13 फीसदी कम था। जनवरी में आप विधायक गुरप्रीत बस्सी गोगी के निधन के बाद यह उपचुनाव कराया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *