रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गृह क्षेत्र कुनकुरी में 32 करोड़ रुपये की लागत से 220 बिस्तरों वाला अत्याधुनिक अस्पताल बनने जा रहा है। राज्य सरकार ने इसके लिए निविदा जारी कर दी है और इस परियोजना के लिए 32 करोड़ 9 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। मुख्यमंत्री साय ने अपने बजट में इस अस्पताल के निर्माण की घोषणा की थी, जिसे आदिवासी बहुल जशपुर जिले के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
राज्य सरकार की योजना इस अस्पताल को भविष्य में मेडिकल कॉलेज के रूप में विकसित करने की है। मुख्यमंत्री साय, जिन्होंने पिछले वर्ष दिसंबर में राज्य की कमान संभाली थी, जशपुर सहित पूरे प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और सुधार के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने शपथ ग्रहण के तुरंत बाद एंबुलेंस सेवा में सुधार के लिए सख्त निर्देश जारी किए थे, जिसमें मरीजों को आधे घंटे के भीतर एंबुलेंस सुविधा प्रदान करने पर जोर दिया गया था।
मुख्यमंत्री ने अपने कार्यकाल की पहली कैबिनेट बैठक में प्रदेश के सभी सरकारी अस्पतालों में सस्ती जेनरिक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था। पिछले आठ महीनों के दौरान, जशपुर जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए तेजी से काम हुआ है। कुनकुरी में 220 बिस्तरों वाले इस अस्पताल के साथ ही 25 अतिरिक्त एंबुलेंस और 1 शव वाहन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
इसके अलावा, जिले के 7 उप-स्वास्थ्य केंद्रों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का दर्जा देते हुए आवश्यक मानव संसाधनों की स्वीकृति दी गई है। चिकित्सकों की कमी को दूर करने के लिए 19 एमबीबीएस चिकित्सक और 7 विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की गई है। साथ ही, अस्पतालों में जरूरी उपकरणों की कमी को पूरा करने के लिए 2 करोड़ 32 लाख रुपये की स्वीकृति भी दी गई है। इस राशि से कुनकुरी में डायलिसिस केंद्र शुरू किया जाएगा और जशपुर, मनोरा, लोदाम, बगीचा के अस्पतालों में आवश्यक उपकरणों की खरीदी की जाएगी।
मुख्यमंत्री साय का लक्ष्य जशपुर जिले को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को इलाज के लिए बाहर भटकना न पड़े।