चलती बस से पान थूक रहा था यात्री और हो गई मौत… जानें पूरा मामला

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से गुजर रही उत्तर प्रदेश रोडवेज की एक AC बस से 45 वर्षीय एक यात्री की कथित तौर पर उस समय गिरकर मौत हो गई, जब उसने बस का दरवाजा खोलकर पान थूका. यह घटना एक्सप्रेसवे के 93 किलोमीटर लंबे माइलस्टोन पर शनिवार सुबह करीब 10.30 बजे हुई, जब बस आजमगढ़ से लखनऊ जा रही थी.

पुलिस अधिकारी ने पीटीआई को बताया, “जब बस बलदीराय थाना क्षेत्र के बीही गांव के पास पहुंची, तो एक यात्री ने थूकने के लिए चलती बस का दरवाजा खोला. वह संतुलन खो बैठा और सड़क पर गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई. उसने पान थूकने के लिए दरवाजा खोला था.”

अधिकारी ने बताया, “बस को तुरंत रोक दिया गया और उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीईआईडीए) के अधिकारियों के साथ-साथ पुलिस को भी इसकी सूचना दी गई.” 

बलदीराय स्टेशन हाउस ऑफिसर (एसएचओ) धीरज कुमार ने बताया कि यूपीडा कर्मियों ने पीड़ित को एंबुलेंस के जरिए स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान लखनऊ के चिनहट इलाके के निवासी राम जियावन के रूप में हुई है. उनकी पत्नी सावित्री भी बस में उसके साथ यात्रा कर रही थी. बस को आगे की जांच के लिए पुलिस स्टेशन ले जाया गया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *