पट्टे से पिटाई का वीडियो हुआ वायरल, युवती ने कहा- ‘सर की मार से मुझे कोई आपत्ति नहीं

रायपुर। बर्बरता का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के साथ ट्रेनर द्वारा अमानवीय व्यवहार किया जा रहा है। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें ट्रेनर युवकों के साथ-साथ युवतियों को भी पट्टे से पीट रहा है।

बताया जा रहा है कि यह वीडियो रायपुर के पवार डिफेंस एकेडमी रायपुर, छत्तीसगढ़ का है, जहां अभ्यर्थी पुलिस भर्ती की तैयारी के लिए प्रशिक्षण लेने पहुंचे थे। लेकिन वहां उनके साथ जो कुछ हो रहा वह हैरान करने वाला है। हालांकि इस वायरल वीडियो पर युवती और उसकी मां का बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने कहा कि उन्हें इससे कोई आपत्ति नहीं है। वहीं ट्रेनर ने भी सफाई दी है।

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक पुरुष ट्रेनर एक लाइन से युवकों और युवतियों पर पट्टे से वार कर रहा है। इसमें एक युवती मार की डर से ट्रेनर से गिड़गिड़ाती नजर आ रही है। इस बर्बरता का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

युवती और उसकी मां का बयान

वीडियो वायरल होने के बाद इस मामले में युवती और उसकी मां का बयान सामने आया है। युवती ने कहा कि सर की मार से मुझे कोई आपत्ति नहीं है। वहीं युवती की मां का कहना है कि बच्चे ट्रेनिंग अच्छे से नहीं करेंगे तो सर डाटेंगे- मारेंगे ही। उन्होंने कहा कि मैं खुद भी ट्रेनिंग देखने जाती हूं। हमें इससे कोई आपत्ति नहीं है।

ट्रेनर ने भी दी सफाई

ट्रेनर गौरव कुमार ने कहा कि यह ट्रेनिंग के एक हिस्सा है। बर्बरता जैसा कुछ नहीं है। उन्होंने बताया कि सेना के हर फील्ड में बच्चों को तैयार कर भेजा है, वे सेवा दे रहे हैं। ट्रेनर ने कहा कि बच्चों को ट्रेनिंग इसलिए हार्ड देता हूं ताकि उनको आगे जाकर कोई दिक्कत न हो। मेरे लिए लड़के और लड़कियां दोनों बराबर हैं। इस वीडियो को गलत तरीके से वायरल न करें।

देखिये वायरल वीडियो-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *