अजब-गजब! मुर्गियों को बचाने गई महिला को सांप ने डसा, दोनों की मौत

प्रयागराज में मेजा क्षेत्र के रामनगर तालियापर में मंगलवार को एक अजीबो गरीब घटना हुई। एक घर में घुसे सांप और नेवले के बीच लड़ाई हो रही थी कि इसी बीच अपनी मुर्गियों को बचाने एक महिला वहां पहुंच गई। महिला को देखते ही सांप और नेवले तो एक दूसरे को छोड़ दिए लेकिन सांप ने महिला को दौड़ाकर काट लिया। महिला के शोर पर परिजन पहुंचे। उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि उसकी मौत हो गई। गांव के लोग घटना स्थल पर पहुंचे तो सांप भी मृत मिला।

मामला मेजा थाना क्षेत्र के रामनगर तालियापर का है। गांव निवासी लालचंद्र भारतीया की 62 वर्षीय पत्नी फूला देवी को मुर्गी हांकने के दौरान झाड़ियों में बैठे सांप ने डस लिया। जानकारी होते ही जब तक घरवालों के द्वारा बुजुर्ग महिला को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जाता उसकी मौत हो गई। बुजुर्ग महिला की मौत के बाद परिजनों ने देखा तो सांप भी मर चुका था। घटना के बारे में दिवंगत के परिजनों ने बताया कि सांप और नेवले में लड़ाई चल रही थी। उसी दौरान महिला उस ओर गई तो सांप ने दौड़ाकर महिला को डस लिया। सांप के डसते ही महिला की तत्काल मौत हो गई और सांप भी उसी समय मर गया।

अचानक हुए हादसे से घर में कोहराम मच गया। बेटे बेटियों सहित परिजनों का रोते बिलखते बुरा हाल था। डॉक्टरों ने पुष्टि करते हुए कहा कि महिला की सांप के डसने से मौत हुई है। इलाज के लिए अस्पताल जाने से पहले ही महिला दम तोड़ चुकी थी। परिवार का कहना है कि महिला को सांप के डसे जाने की जानकारी मिलते ही अस्पताल ले जाया जा रहा था लेकिन उससे पहले महिला की मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *