दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस में डांस करते-करते अचानक गिरा युवक, हो गई मौत

उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान संगीत पर नाचते समय 20 वर्षीय एक व्यक्ति की बेहोश होकर गिर जाने से मौत हो गई. इस बात की जानकारी अधिकारियों ने एक न्यूज एजेंसी को दी. अधिकारियों के मुताबिक ऐसा प्रतीत होता है कि व्यक्ति की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई.

रसड़ा क्षेत्राधिकारी मोहम्मद फहीम कुरैशी ने बताया कि यह घटना सोमवार रात उभांव क्षेत्र के उभांव मोड़ के पास हुई, जब जुलूस में अन्य लोगों के साथ नाचते समय हिमांशु कन्नौजिया नियंत्रण खो बैठे और गिर पड़े. कुरैशी ने बताया कि उन्हें सियार के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

फहीम कुरैशी ने बताया कि खबर मिलते ही अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट देवेंद्र प्रताप सिंह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार झा मौके पर पहुंचे. प्रथम दृष्टया पता चलता है कि हिमांशु को दिल का दौरा पड़ा होगा, लेकिन आगे की जांच जारी है.

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा. इधर, मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया है. हालांकि, परिजनों ने अभी मामले में कोई FIR दर्ज नहीं कराई है. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *