आम आदमी पार्टी ने केंद्र सरकार से पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल के लिए सरकारी आवास की मांग की हैं. AAP नेता राघव चड्ढा ने चुनाव आयोग के नियम का हवाला देते हुए केजरीवाल के लिए आवास मांगा है. उन्होंने कहा है कि बिना देरी किये राष्ट्रीय पार्टी AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को सरकारी आवास देना चाहिए.
राघव चड्ढा ने कहा,’चुनाव आयोग के नियमों के तहत किसी भी राष्ट्रीय पार्टी को दो साधन दिए जाते हैं. जिसमें पहले नंबर पर राष्ट्रीय कार्यालय है. इसके अलावा राष्ट्रीय स्तर की पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक को सरकारी आवास भी दिया जाता है. इसलिए हम केंद्र सरकार से मांग करते हैं राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को सरकारी आवास मिले.’
दिसंबर 2013 में पहली बार दिल्ली के मुख्यमंत्री बनने से पहले केजरीवाल गाजियाबाद के कौशांबी इलाके में रहते थे. मुख्यमंत्री के तौर पर वे मध्य दिल्ली के तिलक लेन स्थित घर में रहे. फरवरी 2015 के विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी (आप) के भारी बहुमत के साथ सत्ता में आने के बाद वे उत्तरी दिल्ली के सिविल लाइंस इलाके में 6, फ्लैगस्टाफ रोड स्थित आवास में रहने चले गए.