ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) ने मंगलवार को दिल्ली वक्फ बोर्ड घोटाले स जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में आम आदमी पार्टी विधायक अमानतुल्लाह खान के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल कर दिया।
ईडी के110 पन्नों के पूरक आरोपपत्र में उस मरियम सिद्दीकी का भी नाम है, जिसे ईडी ने मामले में बतौर आरोपी गिरफ्तार नहीं किया था। इस चार्जशीट पर अदालत 4 नवंबर को सुनवाई कर सकती है।
अमानतुल्लाह खान दिल्ली की ओखला विधानसभा सीट से AAP विधायक हैं। ईडी ने उन्हें दो सितंबर को उनके आवास की तलाशी लेने के बाद मनी लॉन्ड्रिंग अधिनियम के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया था।
विशेष न्यायाधीश विशाल गोगने ने मंगलवार को उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई के लिए अगली तारीख 7 नवंबर की तय की है।
खान के खिलाफ धन शोधन की जांच दो FIR पर आधारित है, जिसमें से एक वक्फ बोर्ड में कथित अनियमितताओं के संबंध में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा दर्ज मामले और दूसरी दिल्ली पुलिस की भ्रष्टाचार निरोधक इकाई द्वारा दर्ज कथित आय से अधिक संपत्ति के मामले पर आधारित है।