अभिषेक शर्मा का 2 किलो वजन घटा, केवल दाल-चावल खा रहे…पाकिस्तान के खिलाफ खेलेंगे या नहीं? खुद बताया अपना हाल

भारतीय टीम के ओपनिंग बल्लेबाज़ अभिषेक शर्मा हाल ही में पेट की समस्या से उबरने के बाद पहली बार टीम के साथी अर्शदीप सिंह के व्लॉग में नजर आए। उन्हें गुरुवार को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप A मुकाबले में नामीबिया के खिलाफ पेट की समस्या के कारण बाहर बैठना पड़ा था।

अर्शदीप के सोशल मीडिया व्लॉग में अभिषेक ने अपनी सेहत, वजन घटने और डाइट को लेकर अपडेट साझा किया। उन्होंने बताया कि वह फिलहाल सख्त डाइट पर हैं और केवल दाल-चावल का सेवन कर रहे हैं। अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान उनका लगभग 2 किलो वजन कम हो गया।

गंभीर पेट संक्रमण के कारण पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले में उनका खेलना अभी अनिश्चित है। जानकारी के अनुसार, वह टूर्नामेंट के शुरुआती मैच से पहले ही अस्वस्थ हो गए थे और नई दिल्ली में एक्यूट गैस्ट्रोएंटेराइटिस और डिहाइड्रेशन के इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती रहे। अब उन्हें छुट्टी मिल चुकी है और शुक्रवार को हल्की प्रैक्टिस करते देखा गया, लेकिन टीम प्रबंधन कोई जोखिम नहीं लेना चाहता।

कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि अभिषेक अभी पूरी तरह फिट नहीं हैं और एक-दो मैच मिस कर सकते हैं। टीम उनकी लंबी अवधि की फिटनेस को प्राथमिकता दे रही है। स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने उन्हें नेट्स में देखकर सकारात्मक संकेत दिए हैं, लेकिन अंतिम फैसला मैच से पहले होने वाले आखिरी अभ्यास सत्र के बाद लिया जाएगा। अगर अभिषेक मैच फिटनेस साबित नहीं कर पाते हैं, तो ओपनिंग में संजू सैमसन और ईशान किशन की जोड़ी खेलने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *