रायपुर में बिल्डर से 95 लाख की ठगी: फर्जी चेक से रजिस्ट्री कराने का आरोप

रायपुर : राजधानी के समता कॉलोनी सेक्टर-1 से एक बड़ा ठगी का मामला सामने आया है, जहां एक बिल्डर से 95 लाख रुपये के मकान सौदे में फर्जी चेक थमाकर धोखाधड़ी की गई। तीन महीने पहले हुए इस सौदे में खरीदारों ने मकान की रजिस्ट्री करा ली, लेकिन भुगतान के नाम पर दिए गए चेक बैंक में जमा करने पर फर्जी निकले।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, समता कॉलोनी निवासी प्रकाश चंद जायसवाल (59 वर्ष) पेशे से बिल्डर-डेवलपर हैं। उन्होंने 10 जनवरी 2025 को शांति इनक्लेव, मंजित ग्रीन सिटी के पास स्थित एक मकान बंटी रस्तोगी और मोहनीश श्रीवास्तव को 95 लाख रुपए में बेचा था। सौदे के समय दोनों खरीदारों ने भुगतान के लिए चेक दिए थे।

बाद में जब प्रकाश चंद ने चेक बैंक में जमा किए, तो बैंक ने उन्हें फर्जी और अमान्य घोषित कर दिया। धोखाधड़ी का अहसास होने पर उन्होंने डीडी नगर थाने में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

डीडी नगर थाना प्रभारी एसएन सिंह ने बताया कि प्रकाश चंद जायसवाल के साथ हुई धोखाधड़ी में आईपीसी की धारा 418, 420 और 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस इस गंभीर आर्थिक अपराध की हर पहलु से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *