ICC से सजा मिलने के बाद आया प्रतिका रावल का रिएक्शन, कहा- ऐसा करने की कोई…

भारतीय महिला टीम की सलामी बल्लेबाज प्रतिका रावल पर आईसीसी ने मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया है। इसके अलावा प्रतिका को एक डिमेरिट अंक भी दिया गया। आईसीसी द्वारा सजा दिए जाने के बाद प्रतिका ने कहा कि उन्होंने इंग्लैंड के क्रिकेटरों के साथ जानबूझकर बॉडी कॉन्टेक्ट नहीं किया था।

प्रतिका रावल ने दूसरे मैच से पहले मीडिया से बात करते हुए कहा कि यह जानबूझकर नहीं किया गया था। मैं बस दौड़ रही थी और कंधे से टकराने वाली बात पूरी तरह से अनुचित थी। यह उस अर्थ में जानबूझकर नहीं किया गया था। साउथम्प्टन में हुई इस घटना पर उन्होंने कहा कि  मुझे नहीं लगता कि इस पर कोई प्रतिक्रिया देने या इसे लेकर कोई बवाल मचाने की जरूरत है। यह जानबूझकर नहीं किया गया था।

आईसीसी ने लगाया था 10 प्रतिशत मैच फीस का जुर्माना

आईसीसी ने आचार संहिता के उल्लंघन के लिए रावल पर 10 प्रतिशत मैच फीस का जुर्माना लगाया था और उनके खाते में एक डिमेरिट अंक भी जोड़ दिया था। आईसीसी ने कहा था कि भारतीय बल्लेबाज ने 18वें और 19वें ओवर में इंग्लैंड की गेंदबाज लॉरेन फाइलर और सोफी एक्लेस्टोन के साथ अनावश्यक बॉडी कॉन्टेक्ट किया था। वहीं इंग्लैंड की महिला टीम पर धीमी ओवर रेट के कारण पांच प्रतिशत जुर्माना भी लगाया गया है।

एक समय पर एक मैच पर ध्यान दे रहे हैं

प्रतिका रावल ने कहा कि भारत एक समय में एक मैच पर ध्यान केंद्रित कर रहा है क्योंकि उसने पांच मैचों की टी20 श्रृंखला 3-2 से जीती है और उसे वनडे श्रृंखला जीतने के लिए अगले दो मैचों में से केवल एक जीत की दरकार है। उन्होंने कहा कि हम एक समय में केवल एक मैच पर ध्यान लगा रहे हैं। हमारा ध्यान इस श्रृंखला को जीतने पर लगा है। अगला मैच जीतकर हम श्रृंखला में आगे हो जाएंगे। हमारा मुख्य ध्यान इस श्रृंखला को 3-0 से जीतना है जो बहुत अच्छा होगा।

उन्होंने आगे कहा कि मुझे लगता है कि एक समय में एक ही चीज पर ध्यान केंद्रित करने से बेहतर फोकस और एकाग्रता मिलती है इसलिए हम इसी पर काम कर रहे हैं। रावल ने कहा कि इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया जैसी टीमों के खिलाफ अच्छा स्कोर करने से आपको काफी आत्मविश्वास मिलता है। जब हमें उनके खिलाफ कई मैच मिलते हैं तो इससे आत्मविश्वास बढ़ता है जिसकी आगामी श्रृंखला और मैचों में जरूरत होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *