दिल्ली-एनसीआर में प्रशासन का लगातार बुलडोजर ऐक्शन जारी है। पिछले कुछ दिनों में अतिक्रमण के खिलाफ चलाए गए अभियान में करोड़ों की जमीनें खाली करवाई गई हैं। प्रशासन ने एक बार फिर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान छेड़ने की तैयारी कर रहा है। इस बार बुलडोजर एनसीआर के गाजियाबाद में गरजेगा। यहां से ग्रीन बेल्ट के लिए इलाके में हुए अतिक्रमण को हटाया जाएगा। इस मामले को लेकर प्रशासन पूरी तरह तैयार है। दीवाली बीतते ही इलाके में ताबड़तोड़ बुलडोजर ऐक्शन देखने को मिल सकता है। आइए जानते हैं प्रशासन ने क्या बताया है।
इस बार अतिक्रमण हटाने को लेकर गाजियबाद में अभियान चलाया जाएगा। गाजियाबाद नगर निगम इंदिरापुरम स्थित ग्रीन बेल्ट की जमीनों पर हुए अवैध कब्जों को मुक्त करवाने के लिए बुलडोजर कार्रवाई करेगा। इसके लिए जीडीए ने तैयारी पूरी कर ली है। 31 अक्टूबर के बाद से प्रशासन अवैध कब्जों पर कहर बनकर टूटेगा और इलाके के सभी अतिक्रमण को हटाकर ग्रीन बेल्ट की जमीनों को कब्जा मुक्त करवाएगा।
गाजियाबाद में दीवाली के बाद बुलडोजर ऐक्शन को लेकर बात करते हुए नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा कि अतिक्रमण हटाने के बाद इंदिरापुरम क्षेत्र के ग्रीन बेल्ट को संवारने के लिए भी ऐक्शन प्लान तैयार किया गया है। हालांकि, ये सभी कार्रवाई अब दीवाली के बाद ही होगी।
इस बारे में बात करते हुए जीडीए के उद्यान प्रभारी अनुज सिंह ने कहा कि दीवाली के बाद बुलडोजर चलाकर सभी अतिक्रमण हटाए जाएंगे। अतिक्रमण हटाने के बाद प्रशासन यहां ज्यादा संख्या में पौधे लगाने की तैयारी कर रहा है। गाजियाबाद के इंदिरापुरम में बुलडोजर ऐक्शन के बाद का पूरा प्लान बनाने में जीडीए के अधिकारी जुट गए हैं। दीवाली के बाद तुरंत इंदिरापुरम में ऐक्शन शुरू होगा और पूरे ग्रीन बेल्ट को कब्जामुक्त करवाया जाएगा।