महाराष्ट्र और झारखंड के बाद बीजेपी की नजर अब दिल्ली पर, चुनाव के लिए बनाई नई समिति

दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. महाराष्ट्र और झारखंड चुनावों के बाद अब पार्टी का पूरा फोकस दिल्ली पर है. इसके लिए बीजेपी ने अपना घोषणापत्र समिति (Manifesto Committee) बना ली है. इसमें कई सीनियर नेताओं को शामिल किया गया है.  

घोषणापत्र समिति की बैठक

   घोषणापत्र समिति की पहली बैठक समिति के संयोजक और बीजेपी सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी के आवास पर हुई. इस बैठक में बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत गौतम भी शामिल हुए, जिन्होंने दूसरे राज्यों के घोषणापत्र का अनुभव साझा किया.  

लोगों से सुझाव मांगने की योजना

  दिल्ली बीजेपी घोषणापत्र समिति की सदस्य नीतू डबास ने बताया कि पार्टी जल्द ही एक टोल-फ्री नंबर और ईमेल आईडी जारी करेगी, ताकि दिल्ली के लोग अपने सुझाव दे सकें. उन्होंने कहा, ‘दिल्ली के लोग आम आदमी पार्टी (AAP) की खराब गवर्नेंस से परेशान हैं. हम उनके सुझावों के आधार पर घोषणापत्र तैयार करेंगे. हमारी कई टीमें लोगों के बीच जाकर सुझाव लेंगी. एक-दो दिनों में टोल-फ्री नंबर और ईमेल आईडी जारी कर दी जाएगी.’  

घोषणापत्र के लिए मुद्दों पर चर्चा  

तीन घंटे तक चली इस बैठक में घोषणापत्र समिति के सभी सदस्यों ने भाग लिया, जिनमें डॉ. हर्षवर्धन, विजय गोयल, अरविंदर सिंह लवली, सतीश उपाध्याय, मीनाक्षी लेखी, प्रवेश साहिब सिंह सहित कई नेताओं ने हिस्सा लिया. बैठक में समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई और घोषणापत्र के लिए मुख्य बिंदुओं को शॉर्टलिस्ट किया गया.  

घोषणापत्र को लेकर उम्मीदें  

बीजेपी सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि दिल्ली के लोग बीजेपी की ओर बड़ी उम्मीदों से देख रहे हैं. उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्टी का घोषणापत्र सभी वर्गों की समस्याओं का समाधान करेगा. साथ ही उन्होंने जल्द ही घोषणापत्र तैयार करने की योजना की भी बात कही.  

AAP पर हमले के लिए कमेटी बनाई 

इसके अलावा बीजेपी ने दिल्ली में विपक्ष के नेता विजेंदर गुप्ता की अगुवाई में एक अलग समिति बनाई है, जो लगातार आम आदमी पार्टी (AAP) की नीतियों और उनकी विफलताओं को उजागर करेगी. अब देखना यह है कि बीजेपी की यह रणनीति दिल्ली चुनाव में कितना असर डालती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *