पत्नी की हत्या कर सड़ी-गली लाश ले दिल्ली में 1 हफ्ते तक घूमता रहा ट्रक ड्राइवर, ऐसे हुआ अरेस्ट

दिल्ली में एक ट्रक ड्राइवर की हैवानियत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने सोमवार को बताया कि 34 वर्षीय ट्रक ड्राइवर कथित तौर पर अपनी पत्नी की हत्या कर, उसकी सड़ी-गली लाश को ट्रक के कंपार्टमेंट में रखकर दक्षिणी दिल्ली के ओखला इलाके में करीब एक हफ्ते तक घूमता रहा। हैरानी की बात यह कि इस दौरान वह पकड़ में नहीं आया। पुलिस ने उसे कैसे किया अरेस्ट इस रिपोर्ट में जानें।

पुलिस ने बताया कि आरोपी प्रदीप सिंह को रविवार शाम को गिरफ्तार कर लिया गया। उसने खुद ही अपने गाड़ी मालिक से फोन पर बात करके अपना जुर्म कबूल किया। इसके बाद मुंबई में रहने वाले गाड़ी मालिक ने दिल्ली पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद उसे पकड़ा गया। आरोपी प्रदीप ने अपनी पत्नी 34 वर्षीय नीतू सिंह की 18 या 19 नवंबर को हत्या कर दी थी।

पुलिस जांच टीम के सूत्रों ने बताया कि आरोपी प्रदीप सिंह को शक था कि उसकी पत्नी का किसी और से चक्कर है। पत्नी की हत्या करने के बाद लाश को ठिकाने लगाने के लिए जब आरोपी ट्रक ड्राइवर को जगह नहीं मिली तो उसने उसे चादरों से ढक दिया। वह ट्रक में ही लाश का रखकर दिल्ली के ओखला इलाके में करीब एक हफ्ते तक घूमता रहा।

जांच टीम के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि आरोपी प्रदीप सिंह 13 नवंबर को ओखला औद्योगिक क्षेत्र में एक विक्रेता को सामान की डिलीवरी करने के लिए मुंबई से दिल्ली ट्रक लेकर पहुंचा था। उसने डिलीवरी की और हरियाणा के हांसी से अपनी पत्नी को दिल्ली बुलाया। उसकी पत्नी 15 से 16 नवंबर के बीच दिल्ली पहुंची थी।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रदीप का कहना है कि 18 या 19 नवंबर को उसकी पत्नी के साथ झगड़ा हुआ था। झगड़ा तब और बढ़ गया जब उसने नीतू पर धोखा देने का आरोप लगाया। इसी झगड़े के दौरान उसने पत्नी की हत्या कर दी। वारदात का पता तब चला जब आरोपी ने ट्रक मालिक को कॉल या मैसेज का जवाब देना बंद कर दिया।

इस बीच वह एक हफ्ते तक ओखला इलाके में घूमता रहा। आखिरकार वह थक गया और उसने शनिवार को अपने वाहन मालिक को फोन किया। उसने अपनी पत्नी की हत्या करने की बात कबूली। शुरुआत में ट्रक मालिक को लगा कि ड्राइवर नशे में है। इसके बाद उसने ट्रक ड्राइवर को देखने के लिए एक सहयोगी को भेजा। सहयोगी ने ट्रक में लाश देखी और तेज बदबू महसूस की।

गाड़ी मालिक के सहयोगी ने तुरंत उसे घटना की जानकारी दी। इसके बाद वाहन मालिक ने दिल्ली पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने कहा कि वाहन में कोल्ड स्टोरेज है, लेकिन आरोपी ने अपनी पत्नी की लाश को केबिन में रखने का फैसला किया। इसके बाद पुलिस की एक टीम ओखला औद्योगिक क्षेत्र, फेज-2 भेजी गई, जहां ट्रक के केबिन में खून से लथपथ नीतू की सड़ी गली लाश बरामद की।

पुलिस ने प्रदीप को मौके से गिरफ्तार कर लिया। वह पांच से छह दिनों तक ट्रक के अंदर अपनी पत्नी की सड़ी गली लाश के साथ रहा, क्योंकि उसके पास रहने के लिए कोई दूसरी जगह नहीं थी।दंपति पहले से शादीशुदा थे। उन्होंने अपने पार्टनर से तलाक ले लिया था। वे दो-तीन साल पहले हरियाणा के हांसी के पास मिले और साथ रहने लगे। हालांकि उनकी शादी का कोई आधिकारिक रिकॉर्ड नहीं है। उनके बच्चों (पिछली शादियों से) ने बताया कि दोनों एक मंदिर में शादी की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *