नीतीश के बाद कौन? बीजेपी ने CM चुनने के लिए 10 अप्रैल को दिल्ली में बुलाई बैठक

बिहार में राजनीतिक हचलत तेज है और लगभग सभी के जुबान पर यह सवाल है कि नीतीश कुमार के बाद राज्य का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा? वैसे तो इस सवाल का जवाब अभी किसी के पास नहीं है लेकिन इस सवाल का जवाब जल्द मिल सकता है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 10 अप्रैल को राज्यसभा सदस्य के तौर पर शपथ लेंगे और मीडिया रिपोर्ट में कहा जा रहा है कि इसी दिन दिल्ली में बीजेपी के नेता बिहार के नए सीएम के नाम को लेकर महामंथन कर सकते हैं।

कहा जा रहा है कि इसी महामंथन में बिहार में नई सरकार के गठन की रणनीति और नीतीश कुमार के बाद उनकी कुर्सी संभालने वाले चेहरे दोनों पर ही मुहर लगा दी जाएगी। यह भी कहा जा रहा है कि इस बैठक में बीजेपी के दिग्गज नेता शामिल होंगे। खुद बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन इस बैठक में मौजूद रहेंगे और बिहार के नए सीएम के नाम पर मुहर लगाई जा सकती है।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इस बैठक में बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, दोनों डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा को बुलाया गया है। इसके अलावा नित्यानंद राय, संजय जायसवाल, भीखू भाई दलसानिया और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र भी शामिल हो सकते हैं।

कहा जा रहा है कि इस बैठक में बीजेपी शीर्ष नेतृत्व बिहार बीजेपी कोर कमेटी से नए सीएम के लिए संभावित नाम मांगेगा। इस दौरान कोशिश रहेगी कि नीतीश कुमार के बाद नए सीएम के लिए किसी ऐसे चेहरे को आगे किया जाए जिसपर सभी की सहमति बन सके। इस महामंथन में नए सीएम के नाम के अलावा नई सरकार के शपथ ग्रहण का शेड्यूल भी तय किया जा सकता है।

बहरहाल आपको बता दें कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 10 अप्रैल को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेंगे। मुख्यमंत्री तीन दिवसीय दौरे पर 9 अप्रैल की दोपहर दिल्ली रवाना होंगे। शुक्रवार को शपथ लेने के बाद शनिवार 11 अप्रैल को पटना वापस आएंगे। दिल्ली में प्रधानमंत्री और गृहमंत्री से भी उनकी मुलाकात हो सकती है। दिल्ली से लौटन के बाद नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *