लेबनान में पेजर और वॉकी-टॉकी के बाद रेडियो सिस्टम हैक, बजने लगा ये इजरायली मैसेज, अब तक 585 की मौत

हिज्बुल्लाह के लगातार हमलों के बाद इजरायल ने सोमवार को उसके खिलाफ सबसे बड़ा हमला किया. इसे 18 साल बाद यानी साल 2006 में दोनों के बीच जंग के बाद का सबसे बड़ा हमला बताया जा रहा है. इजरायल ने दक्षिणी लेबनान के 1600 ठिकानों को निशाना बनाया, जिसमें करीब 585 लेबनानी मारे गए. मरने वालों में बच्चे और महिलाओं की संख्या ज्यादा है. इसी बीच लेबनान में रेडियो सिस्टम हैक होने की खबर आ रही है. बताया जा रहा है कि अचानक वहां के रेडियो नेटवर्क पर इजरायल का मैसेज सुनाई देने लगा, जिसमें लोगों को हिज्बुल्लाह के इलाके खाली करके सुरक्षित जगहों पर जाने के लिए कहा गया.

पहले पेजर, वॉकी-टॉकी, फिर सोलर एनर्जी सिस्टम में ब्लास्ट के बाद रेडियो सिस्टम के हैक होने के बाद लेबनान के लोगों में खौफ फैल गया है. हिज्बुल्लाह के लड़ाकों के बीच भी सनसनी फैल गई है. उनको सभी तरह के गैजेट से दूर रहने की सलाह दी गई है. सोमवार को भी इजरायल की तरफ से फोन कॉल करके लोगों को तुरंत अपने घरों और इमारतों को छोड़ने की चेतावनी दी गई थी. लेबनानी में करीब 80 हजार से अधिक संदिग्ध इजरायली कॉल्स आई थीं. 

टेलीकॉम कंपनी ओगेरो के प्रमुख इमाद क्रेडीह ने कहा कि इस तरह के कॉल तबाही और अराजकता पैदा करने के लिए एक मनोवैज्ञानिक जंग की तरह हैं. इसी बीच इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी अपना एक वीडियो संदेश जारी किया. इसमें प्रधानमंत्री ने कहा, ”मैं लेबनान के लोगों को एक जरूरी संदेश देना चाहता हूं. इजरायल की लड़ाई आपके साथ नहीं है. हम हिज्बुल्लाह के साथ लड़ रहे हैं, जो आपको ह्यूमन शिल्ड के रूप में इस्तेमाल कर रहा है.” 

नेतन्याहू ने अपने संदेश में आगे कहा, ”हिज्बुल्लाह ने आपके लिविंग रूम में रॉकेट और गैराज में मिसाइल रखा हुआ है. इन हथियारों से हमारे देश के नागरिकों पर हमले कर रहा है. अपनी सुरक्षा के लिए हमें अब इन हथियारों को नष्ट करने का समय आ गया है. इसलिए आपको चेतावनी दी जा रही है कि आप सभी हिज्बुल्लाह के ठिकानों से दूर हो जाएं. कृपया अभी सुरक्षित इलाकों में चलें जाएं.” फिलहाल इजरायल और हिज्बुल्लाह के बीच हवाई हमले लगातार जारी हैं.

दी टाइम्स ऑफ इजरायल के ताजी रिपोर्ट के मुताबिक, इजरायल डिफेंस फोर्सेस ने हिज्बुल्लाह की 50 फीसदी रॉकेट क्षमताओं को नष्ट कर दिया है. उसकी तरफ से दक्षिणी लेबनान और बेका घाटी में हिज्बुल्लाह को निशाना बनाकर रॉकेट, मिसाइल और ड्रोन हमलों की बौछार की जा रही है. मंगलवार को भी इजरायली हमले जारी हैं. इसमें बड़ी संख्या में हिज्बुल्लाह के ठिकानों को ध्वस्त कर दिया गया है. पलटवार करते हुए हिज्बुल्लाह ने भी सैकड़ों रॉकेट इजरायल की ओर दागे हैं.

आईडीएफ ने मंगलवार को हिज्बुल्लाह के नापाक इरादों का खुलासा करते हुए उसके द्वारा स्टोर की गई रॉकेट की एक तस्वीर जारी की है. उसने अपने ऑफिशियल एक्स अकाउंट पर लिखा है, ”ये जो रॉकेट आप देख रहे हैं, एक लंबी दूरी का रॉकेट है. इसे हाइड्रोलिक सिस्टम पर स्टोर किया गया है, जो एक पल में इजरायली नागरिकों को तबाह करने के लिए लॉन्च किया जा सकता है. ये सिर्फ एक तस्वीर है. ऐसे 1300 क्रूज मिसाइल, रॉकेट और ड्रोन उसके पास मौजूद हैं.”

सोमवार को हिज्बुल्लाह पर भीषण हमले के बाद इजरायल सरकार ने अपने देश में इमरजेंसी का ऐलान कर दिया. 30 सितंबर तक पूरे इजरायल में ‘स्पेशल होम फ्रंट सिचुएशन’ की घोषणा की गई. इस तरह की स्थिति तब आती है, जब पूरे देश में नागरिक आबादी पर हमला होने की अधिक संभावना होती है. इसके साथ ही इजरायली हमले में हिज्बुल्लाह के वरिष्ठ कमांडर अली कराकी के मारे जाने की बात सामने आई. हालांकि, इसकी अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *