मुंबई रेल हादसे के बाद रेलवे की पहल: यात्रियों की सुरक्षा के लिए लोकल ट्रेनों में स्वचालित दरवाजे लगाने का फैसला

महाराष्ट्र के मुंबई से लगे कल्याण में हुए हादसे के बाद रेलवे ने बड़ा ऐलान किया है। रेलवे ने मुंबई उपनगरीय डिवीजन के लिए निर्मित होने वाले सभी रेल डिब्बों को स्वचालित दरवाजों की सुविधा से सुसज्जित करने की घोषणा की है। इसके अलावा, रेलवे ने वर्तमान में संचालित सभी कोचों को इस सुविधा से सुसज्जित करने के लिए दोबारा डिजाइन करने का भी ऐलान किया है। बता दें कि, कल्याण जंक्शन (kalyan junction) पर सोमवार (9 जून) को चलती लोकल ट्रेन से 10-12 यात्री नीचे गिर गए थे। इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई।

रेलवे ने क्यों किया यह ऐलान?

सेंट्रल रेलवे के मुताबिक यह हादसा दिवा-कोपर रेलवे स्टेशन के बीच हुआ है। बताया जा रहा है कि जब ट्रेन कल्याण जंक्शन पर रुकी, तो रोज दफ्तर जाने वाले लोग इसमें चढ़ने के लिए दौड़े। इस दौरान ज्यादा भीड़ और धक्का-मुक्की होने की वजह से यह हादसा हो गया। हादसे में जो यात्री घायल हुए हैं उनका अस्पताल में उपचार जारी है। वहीं रेलवे की ओर से इस घटना की जांच भी शुरू कर दी गई है।

लटके हुए यात्री एक-दूसरे से रगड़ खा गए

सेंट्रल रेलवे के मुताबिक दो लोकल ट्रेनें एक-दूसरे से गुजर रही थीं, तभी लटके हुए यात्री एक-दूसरे से रगड़ खा गए। इससे 10-12 यात्री रेलवे ट्रैक पर गिर गए। इस घटना में अब तक 6 यात्रियों की मौत हो गई है। जबकि दो यात्रियों का अभी अस्पताल में इलाज चल रहा है। जब हादसा हुआ, तो शुरुआत में बताया गया कि यात्री पुष्पक एक्सप्रेस से गिरे हैं। सेंट्रल रेलवे के सूचना अधिकारी स्वप्निल नीला ने बताया कि पुष्पक एक्सप्रेस का इससे कोई लेना-देना नहीं है।

हम उस गति से परिवहन व्यवस्था नहीं बढ़ा पाए हैं – किरीट सोमैया

बीजेपी नेता किरीट सोमैया ने कहा कि मुंब्रा कलवा में हुई घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। ठाणे से डोंबिवली क्षेत्र में जिस गति से आबादी बढ़ी है, उस गति से हम परिवहन व्यवस्था नहीं बढ़ा पाए हैं। इसलिए देवेंद्र फडणवीस सरकार ने मेट्रो के काम पर अधिक ध्यान केंद्रित किया है। वैकल्पिक सड़कों की क्षमता बढ़ाने के प्रयास चल रहे हैं और साथ ही, ठाणे को बायपास करते हुए दिवाली तक सीधा रेल संपर्क बनाने के लिए सभी कोचों में 15-15 कोच बनाकर क्षमता बढ़ाने की कोशिश की जा रही है। इसमें 2-5 साल का समय लगेगा। बस इतना अनुरोध है कि यात्री ऐसे समय में इस अनुशासन का पालन करें।

मुख्यमंत्री फडणवीस ने शोक व्यक्त किया

वहीं इस हादसे पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दुख व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि दिवा-मुंब्रा स्टेशन के बीच कुल 8 यात्री लोकल ट्रेन से गिर गए और उनमें से कुछ की जान चली गई। मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। हम उनके परिवारों के दुख को साझा करते हैं। मैं सभी घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की भी प्रार्थना करता हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *