लंदन जा रहा था एयर इंडिया का विमान, उड़ान के तीन घंटे बाद वापस मुंबई लौट आया; क्या बनी वजह?

एयर इंडिया की बोइंग 777 (VT-ALX) फ्लाइट अपनी उड़ान के तीन घंटे बाद वापस मुंबई लौट आई। इसमें लगभग 310 लोग सवार थे। फ्लाइट ने बुधवार को मुंबई से लंदन के लिए उड़ान भरी थी। लेकिन केबिन में दबाव कम होने की समस्या के चलते इसे वापस आना पड़ा। फिलहाल फ्लाइट सुरक्षित रूप से मुंबई लौट आई। फ्लाइट ट्रैकिंग साइट्स के अनुसार, विमान ने सुबह 8:36 बजे उड़ान भरी थी और जयपुर के पास पहुंचने पर क्रू ने वापस लौटने का निर्णय लिया। विमान सुबह 11:28 बजे मुंबई में उतरा।

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, मामले से जुड़े लोगों ने बताया, “यह एक एयर-टर्नबैक था, न कि इमरजेंसी लैंडिंग। विमान में केबिन प्रेशर की कुछ समस्या थी इसलिए इसे वापस आना पड़ा।” वहीं एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा: “मुंबई से लंदन के लिए उड़ान भरने वाले AI129 को तकनीकी समस्या के कारण मुंबई वापस लौटना पड़ा। एहतियाती जांच के लिए विमान को मुंबई में सुरक्षित रूप से उतारा गया। इस अप्रत्याशित व्यवधान के कारण हमारे मेहमानों को हुई असुविधा के लिए हमें खेद है।”

एयरलाइन ने कहा कि उसने यात्रियों को उनकी डेस्टिनेशन तक पहुंचाने के लिए पहले ही वैकल्पिक व्यवस्था कर ली है। मेहमानों को टिकट कैंसिल कराने पर पूरा रिफंड दिया जाएगा। इसके अलावा, अगर वे अपनी मर्जी के मुताबिक, किसी अन्य तारीख पर शेड्यूल कराना चाहते हैं तो वो भी निःशुल्क किया जाएगा। इसने कहा, “एयर इंडिया में, हमारे ग्राहकों और चालक दल की सुरक्षा और भलाई सर्वोच्च प्राथमिकता है।”

केबिन का दबाव कम होना यानी केबिन डी-प्रेशराइजेशन एक ऐसी स्थिति है जिसमें विमान के केबिन में सामान्य दबाव कम हो जाता है। यह दबाव बनाए रखना इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि ऊंचाई पर वायुमंडलीय दबाव बहुत कम होता है, जिससे यात्रियों और क्रू के लिए सांस लेना मुश्किल हो सकता है। अगर केबिन का दबाव अचानक कम हो जाए, तो यह यात्रियों के लिए ऑक्सीजन की कमी और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का कारण बन सकता है। इस स्थिति में ऑक्सीजन मास्क नीचे आ जाते हैं और विमान को तुरंत नीचे की ओर आकर सामान्य दबाव पर लौटना पड़ता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *