भाजपा विधायक को थप्पड़, अखिलेश यादव ने लिए मजे, कहा- शारीरिक गतिविधि चर्चा का विषय बन गई

यूपी के लखीमपुर में अर्बन कोऑपरेटिव बैंक प्रबंध समिति के चुनाव के दौरान भाजपा विधायक योगेश वर्मा को बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अवधेश सिंह ने सभी के सामने ही जोरदार थप्पड़ मार दिया है। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने वायरल वीडियो पर मजे लिए हैं। अखिलेश ने थप्पड़ मारने को शारीरिक गतिविधि बताते हुए कहा कि यह घटना चर्चा का विषय बन गई है। अखिलेश ने भाजपा को इस घटना के लिए जिम्मेदार बताते हुए कहा कि अन्याय हिंसा को जन्म देता है। चुनावी धांधली भाजपा की रणनीति बन गई है।

फेसबुक पर घटना का वीडियो शेयर करते हुए अखिलेश ने लिखा कि अन्याय हिंसा को जन्म देता है। कोऑपरेटिव चुनाव में लखीमपुर के भाजपा विधायक द्वारा की गई धांधली से क्रोधित हुए पूर्व सभापति के पति ने जो शारीरिक गतिविधि की है वो चर्चा का विषय बन गयी है। ऐसी परिस्थितियों का उत्पन्न होना लोकतंत्र के लिए शर्मनाक स्थिति है। चुनावी धांधली भाजपा की रणनीति बन गयी है। निंदनीय!

लखीमपुर में अर्बन कोऑपरेटिव बैंक प्रबंध समिति का चुनाव हो रहा है। बुधवार को इसके लिए नामांकन था। इस चुनाव में बार एसोसिएशन के अध्‍यक्ष अवधेश सिंह की पत्‍नी पुष्‍पा सिंह उम्‍मीदवार हैं। यहां पहुंचे भाजपा के सदर विधायक योगेश वर्मा नामांकन में धांधली का आरोप लगा रहे थे। बुधवार सुबह विधायक और बार एसोसिएशन अध्‍यक्ष आमने-सामने आ गए।

पहले दोनों में तू-तू, मैं-मैं हुई। इसी बीच अवधेश सिंह ने भाजपा विधायक को जोरदार थप्‍पड़ मार दिया। अचानक थप्पड़ लगते ही विधायक सकपका गए। जिस समय उन्हें थप्पड़ मारा गया उनका नगर बाएं साइड और पुलिस का एक दारोगा दाहिने तरफ था। इसके बाद भी अवधेश सिंह ने उन्हें थप्पड़ मार दिया।

इतना ही नहीं, अभी पुलिस अवधेश सिंह और विधायक को एक दूसरे से दूर करने की कोशिश ही कर रही थी कि अचानक दो तीन अन्य लोगों ने भी विधायक की पिटाई शुरू कर दी। पुलिस ने किसी तरह उन लोगों से भी विधायक को बचाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *