बदलापुर के स्कूल में दो मामूस बच्चियों के साथ शोषण करने के आरोपी अक्षय शिंदे को पुलिस ने मंगलवार को एक एनकाउंटर में मार गिराया. घटना के वक्त पुलिस उसे कोर्ट में पेशी के लिए लेकर जा रही थी. अधिकारियों के मुताबिक आरोपी ने पुलिस की गाड़ी में पुलिस की पिस्टल छीनकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी थी. आरोपी ने पुलिस टीम पर कई राउंड फायरिंग की थी, जिसमें पुलिस अधिकारी भी घायल हुए हैं. पुलिस ने बताया कि ये घटना उस वक्त हुई, जब पुलिस टीम अक्षय को तलोजा जेल से अपने साथ ले जा रही थी.
इस एनकाउंटर में शामिल और आरोपी अक्षय को गोली मारने वाले पुलिस इंस्पेक्टर का एक्सक्लूसिव बयान सामने आया है. आरोपी अक्षय शिंदे पर गोली चलाने वाले पुलिस इंस्पेक्टर संजय शिंदे ने बताया, “मैं ड्राइवर के बगल में बैठा था और आरोपी अक्षय और कांस्टेबल पीछे बैठे थे. मुझे असिस्टेंट पुलिस इंस्पेक्टर नीलेश मोरे का फोन आया, जिसमें बताया गया कि आरोपी अक्षय शिंदे उन्हें गाली दे रहा है और पूछ रहा है कि उसे क्यों और कहां ले जाया जा रहा है. उस समय हम शिलफाटा रोड पर थे और मैं तलोजा जेल से निकला था. मैंने गाड़ी रोकी और उतरकर आरोपी और अन्य अधिकारियों के साथ बैठ गया, ताकि उन्हें शांत कर सकूं.”
पुलिस इंस्पेक्टर ने बताया, “शाम करीब 6:15 बजे जब हम मुंब्रा बाईपास पर पहुंचे तो आरोपी अक्षय ने पुलिस अधिकारी नीलेश मोरे से पिस्टल छीन ली. मोरे ने उसे रोकने की कोशिश की, उसी समय पिस्टल लोड हो गई और एक राउंड फायर हो गया, जिसमें मोरे घायल हो गया और उसकी जांघ में गोली लगी और वह वैन में ही गिर गया. इसके बाद आरोपी ने मुझे और गाड़ी में मौजूद अन्य अधिकारियों को धमकाया और कहा कि वह हमें भी मार देगा. और उसने दो गोलियां चलाईं. आत्मरक्षा में मैंने और मेरे साथी ने गोली चलाई, जिससे वह घायल हो गया और वैन में ही गिर गया. इसके बाद हमने उसे काबू कर लिया.”
पुलिस इंस्पेक्टर संजय शिंदे ने अपने बयान में कहा, “मुझे पूरा यकीन था कि अक्षय शिंदे हमें गोली मारेगा और इसलिए मैंने आत्मरक्षा में अक्षय शिंदे पर एक गोली चलाई. अक्षय शिंदे ने नियंत्रण खो दिया और ज़मीन पर गिर गया. पुलिस इंस्पेक्टर संजय शिंदे के अनुसार वैन में कुल चार राउंड फायर हुए. आरोपी अक्षय ने एक गोली चलाई, जो पुलिस अधिकारी नीलेश मोरे को लगी. फिर दो राउंड और फायर किए, जो दूसरे पुलिसवालों को नहीं लगे. इसके बाद आत्मरक्षा में एक गोली उन्होंने अक्षय पर चलाई. कुल चार राउंड फायर किए गए और सभी खोखे एफएसएल और पुलिस ने वैन से बरामद कर लिए हैं.
बदलापुर पुलिस ने अक्षय शिंदे को दो स्कूली बच्चियों के साथ हुए यौन शोषण के आरोप में गिरफ्तार किया था. इस घटना के सामने आने के बाद स्कूली बच्चों के अभिभावक और स्थानीय लोगों ने भाग लिया, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल थीं. विरोध के दौरान प्रदर्शनकारियों ने स्कूल में तोड़फोड़ की और ‘रेल रोको’ के दौरान स्थानीय रेलवे स्टेशन पर पथराव भी किया. इस मामले में एसआईटी जांच कर रही है.
बताया जा रहा है उसकी दो शादियां हो चुकी थी. पहली पत्नी ने उसे छोड़ दिया था. पहली पत्नी के छोड़ने के 4 महीने बाद ही उसने दूसरी शादी कर ली थी. हालांकि, उसकी आदतों की वजह से उसकी दूसरी पत्नी ने भी उसे छोड़ दिया. 16 अगस्त को स्कूल के बाथरूम में दो बच्चियों के साथ यौन शोषण का मामला उजागर होने के बाद उसके खिलाफ केस दर्ज करवाया गया था. इसके बाद पुलिस ने आरोपी को पॉक्सो एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया था.