अमृतसर के खासा कैंट में पाकिस्तानी ड्रोन का काम तमाम, भारतीय सेना ने जारी किया क्लिप

भारतीय सेना और वायु सेना लगातार पाकिस्तान के नापाक मंसूबों को नाकाम कर रही हैं। पाकिस्तान एलओसी पर भारत के क्षेत्रों को नुकसान पहुंचाने के इरादे से ड्रोन और मिसाइल भेज रहा है, लेकिन भारत के एयर डिफेंस सिस्टम के चलते उसकी सारी कोशिशें नाकाम हो रही हैं। इस कार्रवाई का वीडियो भारतीय सेना ने जारी किया है।

बीती रात भारत ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान के तीन शहरों में स्थित एयरबेस को तबाह कर दिया। इससे बौखलाए पाकिस्तान ने आज एक बार फिर भारत पर मिसाइल और ड्रोन से हमला करने की कोशिश की, लेकिन भारत की एयर डिफेंस सिस्टम ने समय रहते उन्हें मार गिराया। भारतीय सेना द्वारा जारी वीडियो में देखा जा सकता है कि अमृतसर के खासा कैंट के ऊपर पाकिस्तानी ड्रोन मंडराते नजर आ रहे हैं।

भारतीय सेना के अधिकारियों ने इस हमले को भारत की संप्रभुता का सीधा उल्लंघन बताया है। अधिकारियों ने कहा कि इसका मकसद नागरिकों की सुरक्षा को खतरे में डालना था। सेना के कहा, “भारतीय सेना दुश्मन की हर साजिश को नाकाम करेगी। पाकिस्तान की यह दुस्साहसिक कोशिश न सिर्फ हमारी सीमाओं पर हमला है, बल्कि नागरिकों को जानबूझकर निशाना बनाने की नापाक साजिश भी है। यह अस्वीकार्य है।”

सेना ने आगे कहा, “पाकिस्तान लगातार ड्रोन हमलों और अन्य हथियारों के जरिए हमारी पश्चिमी सीमाओं पर हमला करने की कोशिश कर रहा है। इसी तरह की एक घटना आज सुबह करीब 5 बजे हुई, जब अमृतसर के खासा कैंट इलाके के ऊपर दुश्मन के कई हथियारबंद ड्रोन देखे गए। हमारी एयर डिफेंस सिस्टम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें नष्ट कर दिया।”

आपको बता दें कि पिछले तीन दिनों में पाकिस्तान की ओर से तीन दर्जन से अधिक जगहों पर ड्रोन हमलों की खबरें सामने आई हैं। भारतीय सेना ने सतर्कता और मुस्तैदी के साथ इन हमलों को नाकाम किया है। सेना ने सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले नागरिकों से सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

इतना ही नहीं, भारतीय सेना ने जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान के आतंकी लॉन्च पैड को भी ध्वस्त कर दिया है। इस कदम से पाकिस्तान को करारा झटका लगा है, क्योंकि यहीं से वह भारत पर बार-बार हमले की साजिश रच रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *