नवरंगपुर/उमरकोट। ओड़िशा राज्य के नवरंगपुर ज़िले के उमरकोट ब्लॉक में रहने वाले एक अनोखे प्रतिभाशाली व्यक्ति ने स्थानीय लोगों को आश्चर्यचकित कर दिया है। मंगुलु नामक यह नेत्रहीन व्यक्ति भले ही आंखों से देख नहीं सकता, लेकिन समय बताने की उसकी क्षमता किसी दिव्य शक्ति से कम नहीं।
जहाँ सामान्य लोग घड़ी या मोबाइल के बिना समय का अनुमान लगाने में असमर्थ होते हैं, वहीं मंगुलु बिना किसी साधन के दिन हो या रात—घंटे, मिनट तक का सटीक समय बता देता है। मंदिरों में आने वाले भक्त उसकी इस अद्भुत प्रतिभा को देखकर दंग रह जाते हैं।
मंगुलु प्रतिदिन उमरकोट के विभिन्न मंदिरों के आसपास भिक्षावृत्ति करते हुए लोगों को सही समय बताता है। उसकी इस विचित्र प्रतिभा ने उसे आम लोगों के बीच सम्मान और प्रेरणा का प्रतीक बना दिया है। बच्चे और युवा दोनों ही उसकी क्षमता को देखकर प्रभावित होते हैं।
मानो भगवान ने उसे आंखें न देकर समय की अदृश्य घड़ी प्रदान की हो। उसकी यह असाधारण देन उसे लोगों के दिलों में विशेष स्थान दिला चुकी है।
उमरकोट के लोग मंगुलु को न सिर्फ सम्मान की दृष्टि से देखते हैं बल्कि उसे ईश्वर की अनोखी कृति मानते हैं। उसकी ये कहानी पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा स्रोत बन चुकी है।
( संवाददाता :- नवरंगपुर से, रसीक सरकार की रिपोर्ट, कांकेर एक्सप्रेस )