बॉलीवुड एक्ट्रेस करिश्मा कपूर के पूर्व पति बिजनेस टाइकून संजय कपूर के अचानक निधन ने सभी को हैरान कर दिया था। संजय के निधन के बाद उनकी 3000 करोड़ की प्रॉपर्टी को लेकर विवाद सामने आ रहा है। हाल में उनकी मां रानी कपूर ने भी आरोप लगाया था कि उनकी प्रॉपर्टी को हड़पने की कोशिश की जा रही है। ऐसा भी कहा गया था कि करिश्मा भी प्रॉपर्टी में से अपने दोनों बच्चों के हक मांग सकती हैं। इस बीच संजय कपूर की बहन मंदिर कपूर ने अपना बयान दिया है। उन्होंने करिश्मा को एक अच्छी मां बताते हुए कहा कि कोई भी मां अपने बच्चों के लिए ऐसा करेगी ही।
अच्छी मां है करिश्मा
NDTV के साथ बातचीत में मंदिरा से जब करिश्मा के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, “वह एक मां है। वह एक बहुत अच्छी मां, यह बात माननी ही होगी। उन्होंने परिवार को एकजुट रखने में बहुत अच्छा काम किया है। मैं इसके लिए उनकी सराहना करती हूं। मुझे लगता है कि बच्चे बहुत करीब रहे हैं, और उनके बीच बहुत अच्छा रिश्ता रहा है। उम्मीद है कि किसी तरह हम इसे आगे बढ़ा पाएंगे और परिवार को फिर से एक बना पाएंगे क्योंकि वह अपने बच्चों का ख्याल किसी भी मां की तरह रख रही हैं, और वह यही कर रही है।”
आज भी हैं संपर्क में
जब उनसे पूछा गया कि क्या संजय की मौत के बाद वह करिश्मा के संपर्क में हैं, तो मंदिरा ने जवाब दिया, “हां, बिल्कुल। मुझे यकीन है कि वह प्रिया सचदेव के भी संपर्क में हैं। सच तो यह है कि हम सबके बीच अच्छे रिश्ते रहे हैं। बच्चे मां से मिलने आते रहे हैं। हम सब संपर्क में हैं। इसका मतलब पारिवारिक कलह नहीं है।”
मां को मिलना चाहिए हक
मंदिरा ने आगे कहा कि सभी को एक तरीका ढूंढना चाहिए जिससे परिवार मुखिया यानी उनकी मां को उनकी जगह जरूर मिल सके। उन्होंने कहा, “आखिरकार, हम बच्चे ही हैं, चाहे हमारी उम्र कितनी भी हो। मुझे लगता है कि सम्मान का भाव बना रहना चाहिए। हम बस मन की शांति चाहते हैं। हम अपने पिता के सपनों को आगे बढ़ाना चाहते हैं और अपने भाई का सम्मान करना चाहते हैं, क्योंकि मुझे लगता है कि बात इसी पर आकर टिकती है।”