बिहार में आंगनबाड़ी सहायिका के बेटे की गोली मार कर हत्या कर दी गई है। वारदात खगड़िया जिले की है। बेलदौर थाना क्षेत्र के कैंजरी गांव में बदमाशों ने सोमवार की मध्य रात्रि कार्तिक मेला देखने जा रहे बाइक सवार एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक कैंजरी गांव निवासी दीप नारायण राम व आंगनबाड़ी सहायिका नीलम देवी का 19 वर्षीय पुत्र छोटू कुमार बताया जा रहा है।
हत्या के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि सोमवार मध्य रात्रि थाना क्षेत्र के तिलाठी गांव में आयोजित कार्तिक मेला के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हो रहा था। जिसे देखने के लिए युवक दो बाइक से अपने चार दोस्तों के साथ घर से निकला था। इसी दौरान घर से कुछ ही दूरी पर पूर्व से घात लगाए बदमाशों ने गोली मारकर छोटू की हत्या कर दी।
साथ में मौजूद छोटू के दोस्तों द्वारा उसे इलाज के लिए बेलदौर पीएचसी लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे जांचोपरांत मृत घोषित कर दिया। मंगलवार की सुबह पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर घटना की जांच में जुट गई है। इधर थानाध्यक्ष परशुराम सिंह ने बताया कि पुलिस घटना की जांच कर रही है। जल्द घटना में संलिप्त बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा।