यति नरसिंहा नंद के पैगम्बर मोहम्मद साहब पर दिए बयान को लेकर आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सोमवार को अलीगढ़ के मुस्लिम यूनिवर्सिटी और मेरठ में नरसिंहा नंद के खिलाफ जुलूस निकाला गया। मुस्लिम विवि में छात्रों ने भारी विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों ने तख्ती बैनर के साथ अपना विरोध जताया। डक पॉइंट से विरोध मार्च निकालकर छात्र बाबा सैय्यद गेट तक पहुंचे। वहां प्रशासन ने गेट पर ही रोक लिया। प्रदर्शन कर रहे छात्र गेट के पास ही जमा हो गए।
यति नरसिंहा नंद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान मौके पर मौजूद प्रॉक्टर और डिप्टी प्रॉक्टर छात्रो को समझाते रहे। करीब एक घंटे चले प्रदर्शन के बाद एसीएम द्वितीय और सीओ फर्स्ट मौके पर आए। सुरक्षा व्यवस्था को संभालने के लिए दो ट्रक पीएसी और भारी पुलिस बल भी मंगा लिया गया। अधिकारियों ने छात्रो से ज्ञापन लिया और प्रदर्शन को खत्म कराया।
उधर मेरठ के मुंडाली कस्बे में हजारों लोगों की भीड़ सड़क पर उतर आई। हाथों में तलवारें और अन्य हथियारों के साथ यति नरसिंह नंद के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। काफी देर बाद इसकी जानकारी पुलिस प्रशासन के अधिकारियों को लगी तो हड़कंप मच गया। मौके पर पुलिस फोर्स को भेजकर भीड़ को तितर बितर कराया गया।
जुलूस का वीडियो भी वायरल हो रहा है। इसमें ज्यादातर छोटे बच्चे और किशोरी दिखाई दे रहे हैं। सभी नारेबाजी कर रहे हैं। एसपी ग्रामीण ने बताया कि पुलिस को जैसे ही सूचना मिली फोर्स को भेजकर भीड़ को तितर-बितर कर दिया गया है। कानून को हाथ में लेने का किसी को अधिकार नहीं है। वीडियो की जांच की जा रही है। उसके आधार पर शिनाख्त की जा रही है। पहचान के आधार पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। वीडियो में कुछ डंडे जैसी चीजें दिखाई दे रही हैं। इसकी भी जांच की जा रही है।