एशिया के सबसे अमीर इंसान मुकेश अंबानी के छोटे भाई अनिल अंबानी के बेटे अनमोल अंबानी पर एक करोड़ रुपये का जुर्माना लगा है. मार्केट रेग्युलेटर सेबी (SEBI) ने रिलायंस होम फाइनेंस से जुड़े कॉरपोरेट लोन के मामले में ये कार्रवाई की है. सिर्फ अनमोल अंबानी ही नहीं, बल्कि बाजार नियामक ने Reliance Home Finance के चीफ रिस्क ऑफिसर पर फाइन लगाया है.
भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) ने सोमवार को उद्योगपति अनिल अंबानी के बेटे अनमोल अंबानी पर रिलायंस होम फाइनेंस मामले में ये भारी भरकम जुर्माना लगाया गया है. सेबी ने कहा है कि रिलायंस होम फाइनेंस के बोर्ड में काम करने वाले अनमोल अंबानी ने कंपनी के बोर्ड से ऐसे लोन अप्रूवल्स को रोकने के स्पष्ट निर्देश होने के बावजूद कॉरपोरेट लोन को मंजूरी दी. मार्केट रेग्युलेटर के मुताबिक, जांस में सामने आया कि 14 फरवरी, 2019 को अनमोल अंबानी ने एक्यूरा प्रोडक्शंस प्राइवेट लिमिटेड को 20 करोड़ रुपये का लोन मंजूर किया था.
सेबी की ओर से कहा गया है कि अनमोल अंबानी ने रिलायंस होम फाइनेंस के कॉरपोरेट लोन से जु़ड़े इस मामले में नियमों का पालन नहीं किया था और इसी वजह से उनके ऊपर ये 1 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया है. इसके साथ ही रेग्युलेटर ने ये भी कहा कि इस मामले में उचित जांच-पड़ताल भी नहीं की गई. खास बात ये है कि अनमोल अंबानी द्वारा ये लोन ऐसे समय पर मंजूर किया गया, जबकि तीन दिन पहले ही यानी 11 फरवरी 2019 को रिलायंस होम फाइनेंस के बोर्ड ने अपनी बैठक में मैनेजमेंट को कोई भी जारी नहीं करने को लेकर निर्देशित किया था.
मार्केट रेग्युलेटर सेबी ने अनमोल अंबानी के साथ ही रिलायंस हाउसिंग फाइनेंस के चीफ रिस्क ऑफिसर कृष्णन गोपालकृष्णन पर भी 15 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है. रिपोर्ट के मुताबिक, सेबी के आधिकारिक नोटिस में कहा गया है कि अनिल अंबानी के बेटेऔर कृष्णन गोपालकृष्णन ) दोनों को 45 दिनों के भीतर अपने-अपने जुर्माने का भुगतान करने का आदेश दिया गया है.
इस खबर का असर मंगलवार को रिलायंस होम फाइनेंस के शेयर पर भी देखने को मिल सकता है. Reliance Home Finance Share बीते कुछ दिनों से जबर्दस्त तेजी के साथ भाग रहा है. बीते कारोबारी दिन सोमवार को अनिल अंबानी के इस स्टॉक में Share Market में कारोबार शुरू होते ही अपर सर्किट लग गया था और ये 4.79 फीसदी की उछाल के साथ 4.59 रुपये पर कारोबार कर रहा था.