नायब सैनी सरकार में अनिल विज का नहीं रहा पहले जैसा कद, किसे क्या विभाग

हरियाणा में सरकार बनने के तीन दिन बाद ही मंत्रियों के विभागों का बंटवारा हो गया है। इसमें गृह, वित्त जैसे अहम विभाग मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने पास ही रखे हैं। खास बात है कि इससे पहले राज्य के गृहमंत्री अनिल विज थे। अब उन्हें ऊर्जा समेत कुछ विभाग सौंपे गए हैं। वहीं, राव नरबीर सिंह उद्योग, पर्यावरण समेत कई विभाग संभालेंगे। गुरुवार को ही हरियाणा में शपथ ग्रहण समारोह हुआ। हरियाणा कैबिनेट में सीएम समेत 14 मंत्री हो सकते हैं।

खबर है कि सैनी वित्त, गृह, योजना, आबकारी, जनसंचार, भाषा और संस्कृति समेत 12 विभाग मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी संभालेंगे। गुरुवार को उन्होंने दूसरी बार राज्य के सीएम के तौर पर शपथ ली थी। 8 अक्टूबर को घोषित नतीजों में 90 सदस्यों वाली हरियाणा विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी ने 48 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया था।

अंबाला कैंट से विधायक अनिल विज को श्रम, ऊर्जा और परिवहन विभाग दिए गए हैं। मनोहर लाल खट्टर सरकार में वह गृहमंत्री रहे थे। आरती सिंह राव को स्वास्थ्य विभाग, आयुष समेत 3 विभाग सौंपे गए हैं। राव नरबीर सिंह को उद्योग, वन और वन्यजीव, पर्यावरण, कॉमर्स विभाग दिए गए हैं। महिपाल ढांडा स्कूल शिक्षा संभालेंगे।

विपुल गोयल को राजस्व, आपदा प्रबंधन, शहरी स्थानीय निकाय और नागरिक उड्डयन दिया गया है। अरविंद शर्मा के पास जेल और सहकारिता विभाग हैं। श्याम सिंह राणा कृषि और किसान कल्याण, कृष्ण कुमार बेदी को सामाजिक न्याय, सशक्तिकरण, एससी/बीसी कल्याण दिए गए हैं। श्रुति चौधरी को महिला और बाल विकास काम सौंपा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *