अंबाला कैंट से लगातार जीतने वाले अनिल विज भी मंत्री होंगे।

नायब सिंह सैनी हरियाणा के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले हैं। उनके साथ कुल 13 मंत्री भी आज पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे। अनिल विज, आरती राव, अरविंद शर्मा, मूलचंद शर्मा समेत वे सभी नेता मंच पर पहुंच गए हैं, जो मंत्री पद की शपथ लेने वाले हैं। कैबिनेट में कई पुराने दिग्गज तो कुछ नए और युवा चेहरे भी रहेंगे। अनिल विज को खुद नायब सिंह सैनी ने फोन किया है और शपथ समारोह में बुलाया है। अनिल विज का उनके मातहत मंत्री बनना अहम है क्योंकि वह खुद को भी मुख्यमंत्री का चेहरा बताते रहे हैं। यही नहीं कई बार वह नेतृत्व को असहज करने वाले बयान भी देते रहे हैं। हालांकि बुधवार को विधायक दल की मीटिंग में उन्होंने ही नायब सिंह सैनी के नाम का प्रस्ताव रखा था।

इसके अलावा कहा था कि यदि पार्टी मुझे चौकीदार बनाएगी तो मैं उसे भूमिका को भी पूरे मन से निभाऊंगा। सूत्रों का कहना है कि अनिल विज के अलावा कुछ और नेताओं को शपथ के लिए फोन गया है। इन नेताओं में अहीरवाल क्षेत्र की अटेली सीट से जीतीं आरती सिंह राव भी शामिल हैं। वह केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की बेटी हैं। इसके अलावा गुरुग्राम क्षेत्र की बादशाहपुर सीट से जीते राव नरबीर सिंह भी मंत्री बन सकते हैं।

इसके अलावा ब्राह्मण समुदाय से भी दो नेताओं अरविंद शर्मा और मूलचंद शर्मा मंत्री बनेंगे। वहीं अनिल विज और घनश्याम दास अरोड़ा पंजाबी चेहरे के तौर पर शामिल रहेंगे। वह मनोहर लाल खट्टर सरकार के दौर में होम मिनिस्टर थे। इस बार देखना होगा कि उन्हें कौन सा विभाग दिया जाता है। राजपूत बिरादरी से श्याम सिंह राणा भी कैबिनेट का हिस्सा होंगे। वहीं जाट बिरादरी से महीपाल ढांडा और श्रुति चौधरी भी मंत्री होंगी। श्रुति चौधरी लंबे समय तक कांग्रेस में रहीं किरण चौधरी की बेटी हैं। दोनों ने हाल में ही भाजपा का दामन थामा था।

उनके अलावा भी कई नाम हैं, देखें पूरी लिस्ट…

अनिल विज

आरती सिंह राव

श्याम सिंह राणा

मूलचंद शर्मा

राव नरबीर सिंह

महीपाल ढांडा

गौरव गौतम

अरविंद शर्मा

श्रुति चौधरी

कृष्ण बेदी

घनश्याम दास अरोड़ा

रणबीर गंगुआ

विपुल गोयल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *