हरियाणा के चुनावी नतीजे रोचक मोड़ पर पहुंच गये हैं. अब तक के रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) एक बार फिर सरकार बनाती नजर आ रही है. दोपहर 12 बजे तक बीजेपी 50 सीटों पर आगे चल रही है, जो बहुमत से ज्यादा हैं. वहीं, कांग्रेस 33 सीटों पर आगे है. सात सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशी आगे चल रहे हैं. इस बीच बीजेपी के सीनियर नेता और सूबे के पूर्व गृह मंत्री अनिल विज का बयान आया है. उन्होंने कहा है कि अगर पार्टी उन्हें मुख्यमंत्री बनाती है तो वह स्वीकार करेंगे.
अनिल विज का बयान ऐसे समय आया है, जब वह खुद अपनी सीट अंबाला कैंट से पीछे चल रहे हैं. इस सीट पर दोपहर 12 बजे तक निर्दलीय प्रत्याशी चित्रा सरवारा आगे चल रही हैं. चित्रा को अब तक 17499 वोट मिले हैं, जबकि अनिल विज 16828 वोटों के साथ दूसरे नंबर पर चल रहे हैं. बता दें कि अनिल विज (71) इस सीट से सातवीं बार चुनाव लड़ रहे हैं.
हरियाणा के रुझानों के बीच अनिल विज ने कहा,’हरियाणा में बीजेपी के पास ही बहुमत रहेगा और पार्टी सरकार बनायेगी. जब उनसे पूछा गया कि क्या वह अपनी सीएम बनने की इच्छा पर कायम हैं तो उन्होंने कहा,’अनिल विज से अगर कह दिया जाये कि हिमालय पर चढ़ना है तो मैं हिमालय पर भी चढ़ जाऊंगा. मैं तो पार्टी की हर बात मानता हूं. अगर पार्टी चाहेगी तो मेरा इनकार नहीं है. अगर मुझसे पहले पूछा जाता तो मैं पहले भी हां कर देता.’
जब अनिल विज से पूछा गया कि अंबाला कैंट सीट पर उनकी स्थिति अभी ठीक नहीं चल रही है तो उन्होंने कहा कि उनके चेहरे पर किसी बात की शिकन नहीं है. विज ने कहा,’पूरे हरियाणा में मैंने सबसे व्यवस्थित चुनाव लड़ा और इसे कैंपेन के दौरान भी फॉलो किया. एक तरफ जहां दूसरे उम्मीदवार सुबह 6 बजे से ही घर-घर जाना शुरू कर देते थे तो वहीं मैं यहीं बैठता था. काम करने के लिये 5 साल मिलते हैं, मैंने उसमें काम करके दिखाया है.’