जामिया मिल्लिया इस्लामिया में फिर दीप महोत्सव का ऐलान, गेट पर पुलिस का पहरा, VC क्या बोले?

जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी के परिसर में दिवाली कार्यक्रम के दौरान छात्रों के दो समूहों के बीच हुई झड़प के बाद एहतियात के तौर पर गेट के बाहर पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। इस बीच एबीवीपी ने कहा है कि वह बुधवार शाम को फिर से ‘दीप महोत्सव’ आयोजित करेगी। वहीं कार्यवाहक कुलपति प्रो. शकील अहमद का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि मंगलवार रात की जो घटना हुई है, उसमें अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएंगे।

एक पुलिस अधिकारी ने बुधवार को बताया कि घटना मंगलवार रात को हुई लेकिन इस संबंध में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। राष्ट्रीय कला मंच (आरकेएम) ने विश्वविद्यालय परिसर में दिवाली कार्यक्रम का आयोजन किया था। अब अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने एकबार फिर कहा है कि वह बुधवार शाम को फिर से ‘दीप महोत्सव’ आयोजित करेगी। बता दें कि राष्ट्रीय कला मंच एबीवीपी से जुड़ा है।

एबीवीपी के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक आशुतोष सिंह ने कहा कि इस घटना का छात्रों पर कोई असर नहीं पड़ा है। छात्र बुधवार शाम को परिसर में दीप महोत्सव आयोजित करने की योजना बना रहे हैं। शैक्षणिक संस्थानों में सभी त्योहार मनाने की आजादी होनी चाहिए। यदि परिसर में इफ्तार पार्टी आयोजित की जा सकती है तो दिवाली समारोह की भी अनुमति दी जानी चाहिए। कार्यक्रम (जो मंगलवार शाम को आयोजित किया गया था) के लिए प्रॉक्टर से अनुमति मिली थी।

आशुतोष सिंह ने कहा कि आयोजन के दौरान मुस्लिम छात्रों के अलावा अन्य छात्र भी हमारे साथ जश्न मना रहे थे। इसी बीच कुछ कट्टरपंथी तत्व वहां आ गए और मारपीट शुरू कर दी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए विश्वविद्यालय ने हिंसा को रोकने के लिए कोई कदम नहीं उठाया। एबीवीपी इस मामले में खुद पुलिस में शिकायत दर्ज कराएगी। वहीं एक अन्य अधिकारी ने बताया कि यूनिवर्सिटी परिसर में तनाव की सूचना मिलने के बाद एहतियात के तौर पर गेट के बाहर और परिसर के आसपास पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।

स्थानीय पुलिस को परिसर के आसपास चौकसी बढ़ाने के निर्देश जारी किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि छात्रों के एक समूह ने विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित दिवाली कार्यक्रम में बाधा डाली जिसके बाद दोनों समूह के बीच झड़प हो गई थी। हालांकि यूनिवर्सिटी के सुरक्षाकर्मियों की दखल के बाद शांति कायम हो गई थी। घटना के कुछ ऐसे कथित वीडियो सोशल मीडिया में आए हैं जिनमें परिसर में छात्रों का एक गुट सांप्रदायिक नारे लगाता नजर आ रहा है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *