एक और चक्रवात बढ़ाएगा मुश्किलें? इन राज्यों बारिश भी बनेगी आफत; IMD ने दे दी चेतवानी

उत्तर भारत में मौसम सर्द हो चला है, कुछ दिनों में सर्दी अपना विकराल रूप दिखाने वाली है। वहीं भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी की है कि बंगाल की खाड़ी में बना दबाव का क्षेत्र गहराते हुए चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। यह चक्रवात 27 नवंबर तक और तेज हो सकता है और तामिलनाडु के तटीय इलाकों की ओर बढ़ सकता है। विभाग ने 26 से 30 नवंबर के बीच तामिलनाडु, पुडुचेरी और आंध्र प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना व्यक्त की है। वहीं उत्तर भारत में घने कोहरे छाए रहने की संभावनाएं बनी हुई है।

तामिलनाडु और पुडुचेरी में बेहद भारी बारिश का अनुमान

तामिलनाडु और पुडुचेरी में 26 और 27 नवंबर को अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही, 28 से 30 नवंबर तक इन क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश जारी रहने की संभावना है। विभाग ने स्थानीय बाढ़ और जलभराव की स्थिति के लिए तैयार रहने की सलाह दी है, खासतौर पर शहरी इलाकों में।

आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में भी भारी बारिश की चेतावनी

28 से 30 नवंबर के बीच तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। विशेष रूप से, दक्षिण-पश्चिम और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में हवा की गति 60-80 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरे दबाव का क्षेत्र बुधवार तक चक्रवाती तूफान में तब्दील हो सकता है और अगले दो दिन में श्रीलंका के तट को पार करते हुए तमिलनाडु की ओर बढ़ सकता है।

बन रहा गहरे दबाव का क्षेत्र

मंगलवार को दोपहर करीब 12 बजे जारी ताजा जानकारी में मौसम विभाग ने कहा कि मंगलवार सुबह 8.30 बजे तक गहरे दबाव का क्षेत्र त्रिंकोमाली से करीब 310 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व, पुडुचेरी से 710 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण पूर्व और चेन्नई से 800 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण पूर्व में केंद्रित था।

आईएमडी ने कहा, “इसके उत्तर-उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ते रहने और 27 नवंबर को चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की पूरी संभावना है। इसके बाद यह अगले दो दिन में श्रीलंका के तट को पार करते हुए उत्तर-उत्तर पश्चिम दिशा में तमिलनाडु के तटीय क्षेत्र की ओर की ओर बढ़ना जारी रखेगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *