गुजरात के सूरत के पास गुरुवार को सुबह अहमदाबाद-मुंबई डबल डेकर एक्सप्रेस के दो डिब्बे चलती ट्रेन से अलग हो गए। गनीमत रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। हाल के दिनों में कई ट्रेन हादसे सामने आए हैं और इसको लेकर रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव विपक्ष के निशाने पर हैं।
पश्चिमी रेलवे (डब्ल्यूआर) की ओर से जारी एक बयान में बताया गया कि यह घटना सुबह करीब 8.50 बजे हुई जब ट्रेन (संख्या 12932) सायन और सूरत रेलवे स्टेशन के बीच गोथंगम यार्ड में पहुंची। इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ और अलग हुए डिब्बों को बाद में ट्रेन से जोड़ दिया गया।
पश्चिम रेलवे ने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा कि घटना के तुरंत बाद मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया और अप ट्रेनों को लूप लाइन के माध्यम से चलाया गया। पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक ने कहा कि मार्ग पर अन्य ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित नहीं हुई। बाद में पश्चिम रेलवे ने घोषणा की कि मरम्मत का काम पूरा हो गया है और पूर्वाह्न 11.22 बजे उप मुख्य लाइन पर यातायात बहाल हो गया।