मधुबनी गोंड कला के कलाकारों ने राष्ट्रपति भवन में मुर्मु से की मुलाकात

नयी दिल्ली, राष्ट्रपति भवन में आयोजित आर्टिस्ट इन रेजिडेंस (घरेलू जीवन के कलाकार) कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार को मधुबनी चित्रकार और गोंड लोक-कला के कलाकारों के एक समूह ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की।
राष्ट्रपति भवन की एक विज्ञप्ति में बताया गया राष्ट्रपति ने इस कार्यक्रम में प्रदर्शित लोक-चित्रकारों की कलाकृतियों का अवलोकन भी किया। उन्होंने भारत की महत्वपूर्ण पारंपरिक कलाओं के इन दो रूपों में उनके योगदान की सराहना की और उनके भविष्य के कलात्मक प्रयासों में सफलता की कामना की।
इस कला उत्सव में भारत की पारंपरिक कलाओं को उनके मूल स्वरूप में प्रदर्शित किया जा रहा है। विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस कला उत्सव ने भारत के लोक, आदिवासी और पारंपरिक कलाकारों को राष्ट्रपति भवन में एक मंच भी प्रदान किया है, जिन्होंने पीढ़ियों से कला के विभिन्न रूपों को जारी रखा है।
आर्टिस्ट-इन-रेजिडेंस कार्यक्रम के तहत मध्य प्रदेश की गोंड कला और बिहार की मधुबनी कला के कलाकार 20 से राष्ट्रपति भवन में ठहरे हुये हैं और वे वहां कल तक रहेंगे। इस कार्यक्रम में आये कलाकारों में मधुबनी कलाकार-शांति देवी, अंबिका देवी, मनीषा झा, प्रीति कर्ण, रंजन पासवान, शांति देवी, उर्मिला देवी, श्रवण पासवान, कुमारी नलिनी शाह और मोती कर्ण तथा गोंड कलाकार-दुर्गाबाई व्याम, सुभाष व्याम, ननकुसिया श्याम, राम सिंह उर्वेती, दिलीप श्याम, चंपाकली, हीरामन उर्वेती और जापानी श्याम धुर्वे शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *