चंडीगढ़. पंजाब के स्थानीय निकाय चुनावों में जीत हासिल करने के बाद आम आदमी पार्टी बेहद उत्साहित है। 2027 के शुरुआती महीनों में ही राज्य में विधानसभा के चुनाव होने हैं, जिसमें अब बमुश्किल डेढ़ साल का ही वक्त बचा है। ऐसी स्थिति में आम आदमी पार्टी इन चुनावों को अपनी लोकप्रियता के इंडेक्स के तौर पर पेश करना चाहती है। AAP सूत्रों का कहना है कि अरविंद केजरीवाल और सीएम भगवंत मान मोहाली में इस जीत का जश्न मनाएंगे। गुरुवार दोपहर को दोनों नेता मोहाली पहुंचेंगे। इस दौरान पंजाब से लेकर दिल्ली तक के कई बड़े AAP नेता मौजूद रह सकते हैं। दिल्ली के विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद यह जीत AAP के लिए मायने रखती है।
दोपहर तक स्थानीय निकाय के फाइनल नतीजे आ जाएंगे। आज सुबह तक आए नतीजों के मुताबिक आम आदमी पार्टी ने सबसे ज्यादा जिला परिषद और पंचायत समिति के चुनावों में बढ़त बना रखी है। राज्य के 346 जिला परिषद क्षेत्रों के लिए चुनाव हुआ है। इसके अलावा सूबे में कुल 2838 पंचायत समितियां हैं। इनके लिए मतदान हुआ था। अब तक मिली जानकारी के अनुसार जिला परिषद के चुनावों में आम आदमी पार्टी कुल 145 पर आगे है। इनमें से 123 सीटों पर वह चुनावी जीत की ओर है। इसके अलावा 22 पर तो निर्विरोध ही उसके कैंडिडेट चुने गए हैं। वहीं कांग्रेस को महज 30 सीटों पर बढ़त है और अकाली दल को 26 पर लीड है। भाजपा का यहां खाता भी नहीं खुला है।
अब पंचायत समिति चुनावों की बात करें तो आम आदमी पार्टी के 352 कैंडिडेट निर्विरोध ही चुने जा चुके हैं। अब तक कुल 2300 पंचायत समितियों के नतीजे आ चुके हैं। इनमें 1316 पर AAP को जीत मिली है। इसके अलावा कांग्रेस को 490 पर जीत मिली है। वहीं शिरोमणि अकाली दल को 290 और भाजपा को 56 पर सफलता मिली है। यहां पर 26 पर बसपा भी जीती है। आम आदमी पार्टी के उत्साह को इससे समझा जा सकता है कि उसके नेताओं ने इस जीत को अपने दल की लोकप्रियता से जोड़ा है। उनका कहना है कि इससे पता चलता है कि आम आदमी पार्टी की जमीनी स्तर पर भी काफी लोकप्रियता है।