जब तक पाकिस्तान की गलत निगाहे रहेगी तब तक चलता रहेगा ऑपरेशन सिंदूर-नड्डा

जयपुर. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने राष्ट्र के शौर्य को धन्यवाद देते हुए कहा है ऑपरेशन सिंदूर अभी रुका नहीं हैं और जब तक पाकिस्तान की निगाहे गलत रहेगी उस पर प्रहार किया जाता रहेगा।
श्री नड्डा ने शनिवार को यहां जयपुर पहुंचने पर हवाई अड्डे के बाहर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं भाजपा के अन्य नेताओं द्वारा किए गए स्वागत के दौरान वहां मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि सर्जीकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक् और ऑपरेशन सिंदूर ने यह सिद्ध कर दिया है कि अगर कोई हमारी तरफ आंख उठा कर देखेगा तो उसका घर में घुसकर जवाब दिया जायेगा।
उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान ने घुटने टेक दिए। यह बताता है कि भारत की फौज की ताकत, उसका शौर्य एवं उसकी सोच तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की क्षमता। श्री मोदी ने स्पष्ट कहा था कि इस बार बड़ा होने वाला है और इतना बड़ा हुआ कि पाकिस्तान में स्थित आतंकवादियों के नौ ठिकानों को ध्वस्त कर दिया गया।
श्री नड्डा ने कहा कि हम श्री मोदी के नेतृत्व में देश को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं और भारत नये आयामों के साथ खड़ा है। उन्होंने राष्ट्र के शौर्य को धन्यवाद दिया और कहा कि ऑपरेशन सिंदूर अभी रुका नहीं हैं और यह चलता रहेगा जब तक पाकिस्तान की निगाहे गलत रहेगी तब तक उस पर प्रहार किया जाता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *