बिग बॉस 18 की शुरुआत हो चुकी है। घरवालों को पहला टास्क भी मिल गया और घरवाले वो टास्क सही से कर पाने में असफल भी हो गए। पहले दिन से ही कुछ कंटेस्टेंट के बीच तनाव देखने को मिला। वहीं, अब शो के प्रोमो में सामने आया है कि घर के दो सदस्यों ने बिग बॉस के घर के अहम नियम को तोड़ा है जिसके बाद बिग बॉस काफी नाराज है। घर का नियम तोड़ने वाले सदस्यों का नाम है- वायरल भाभी के नाम से मशहूर हेमा शर्मा और गुणरत्न सदावर्ते।
घर का एक अहम नियम यह है कि घर के अंदर कोई भी सदस्य कुछ भी लिखेगा नहीं। इसी अहम नियम का उल्लंघन हेमा शर्मा और गुणरत्न सदावर्ते ने किया है। कलर्स टीवी ने शो का प्रोमो वीडियो अपने इंस्टाग्राम पेज पर पोस्ट किया है। इस वीडियो में हेमा शर्मा एक नंबर को अपनी नेलपेंट से बिंदी के पैकेट के पीछे लिखती नजर आ रही हैं।
वीडियो में दिखाई पड़ रहा है कि गुणरत्न सदावर्ते जेल के बाहर बैठे हैं और हेमा शर्मा अंदर जेल के दरवाजे के पास खड़ी हैं। गुणरत्न हेमा को कोई नंबर बता रहे हैं और हेमा उस नंबर को अपनी नेल पॉलिश की मदद से बिंदी के पैकेट के पीछ लिख रही हैं। नंबर लिखते हुए हेमा कहती हैं- कतई विआईपी नंबर ले रखा है मां कसम गुणरत्न जी ने। इतने में बिग बॉस की गुस्से में आवाज आती है कि सब को पता है इस घर के अंदर कुछ भी लिखना मना है। तो क्या ऐसा करना घर के नियम का उल्लंघन होगा?
इसके बाद, प्रोमो में गुणरत्न को बोलते देखा जाता है- “हम उस बात से चिंता नहीं करते। हम डाकू के खानदान से आते हैं और जो हमसे उलझ जाता है किस तरह से क्लीन करना है जानते हैं कानूनन।”
इस वीडियो पर शो के फैंस की प्रतिक्रिया आई है। एक इंस्टाग्राम यूजर ने लिखा कि वीकेंड के वार के लिए मिल गया बंदा। वहीं, एक दूसरे यूजर ने लिखा है कि ये तो बाहर गया। वहीं, एक तीसरे ने लिखा कि ये बाहर आते ही बिग बॉस पर केस करेगा।