जोधपुर से फ्लाइट के जरिए मुंबई के लिए रवाना हुआ आसाराम, इलाज के लिए मिली है पैरोल

नाबालिग भक्त से बलात्कार मामले में जोधपुर सेंट्रल जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहा आसाराम इंडिगो फ्लाइट से मुंबई के लिए रवाना हुआ है. उसके साथ जोधपुर पुलिस के सब इंस्पेक्टर भंवर सिंह सहित पांच पुलिसकर्मी भी गए हुए हैं. जानकारी के मुताबिक, महाराष्ट्र के खपोली स्थित माधव बाग स्थित अस्पताल पहुंचकर आसाराम अपना इलाज करवाएगा.

आसाराम को 13 अगस्त को राजस्थान हाईकोर्ट की जोधपुर खंडपीठ ने सात दिन की पैरोल दी थी. आदेश में पैरोल की अवधि अस्पताल पहुंचने के समय से गिनी जायेगी. जोधपुर पुलिस ने भी इसके लिए मंगलवार को जेल से एयरपोर्ट तक ले जाने के लिए सुरक्षा के इंतजाम किए हैं. 

जोधपुर सेंट्रल जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहे यौन शोषण के आरोपी आसाराम की ओर से कई बार पैरोल के लिए याचिकाएं लगाई गई लेकिन पहली बार उपचार के लिए 13 अगस्त को जस्टिस पुष्पेद्र सिंह भाटी और जस्टिस मुन्नरी लक्ष्मण की खंडपीठ ने जोधपुर एम्स की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर सात दिन की पैरोल दी थी. आसाराम की तरफ से हमेशा यह दलील दी जाती रही है कि वह सिर्फ आयुर्वेद उपचार करवाना चाहता है. यही वजह है कि उसे इस बार सात दिन की पैरोल मिली है.

महाराष्ट्र के खपोली स्थित माधव बाग अस्पताल में हार्ट का उपचार होगा. हाईकोर्ट ने एमरजेंट पैरोल के आदेश में स्पष्ट किया गया है कि पैरोल का समय खपोली पहुंचने के बाद काउंट किया जाएगा. आने-जाने का समय पैरोल में शामिल नहीं होगा. कोर्ट ने अपने आदेश में आसाराम पर कई तरह की पाबंदियां पर लगाई हैं. इनमें यह निर्देशित किया गया है कि उसके साथ सहायक रहेंगे, जो उसकी सुविधा के अनुसार होंगे.

आसाराम एक डॉक्टर भी रख सकेगा, लेकिन इसके अतिरिक्त कोई भी व्यक्ति उपचार के दौरान उससे नहीं मिल सकेगा. जहां आसाराम का निजी कमरे में उपचार होगा, वहां पर 24 घंटे पुलिस का पहरा होगा. वहीं, मीडिया को वहां इजाजत नहीं होगी. पैरोल के लिए आसाराम की ओर से व्यक्तिगत रूप से 50 हजार रुपए का बॉन्ड और 25-25 हजार के दो लोगों की ठोस जमानतें दी गई है. उपचार और आने-जाने के पूरा खर्च आसाराम को उठाना होगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *